जेल से रिहा होते ही नवजोत सिंह सिद्धू ने आप सरकार के खिलाफ की तीखी टिप्पणी
चंडीगढ़। जेल से रिहा होते ही पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के खिलाफ तीखी टिप्पणी की। अखबारों में बड़े-बड़े विज्ञापन देने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान को 'अखबारी मुखमंत्री' बताया और कानून व्यवस्था और चुनावी वादों को लेकर भी राज्य सरकार की आलोचना की। जवाब में आम आदमी पार्टी ने सिद्धू को स्टंटमैन बताया। कहा कि उन्हें याद रखना चाहिए कि वो एक व्यक्ति की हत्या के आरोप में जेल में थे।
पंजाब में बिगड़ती कानून व्यवस्था के बारे में नवजोत सिंह सिद्धू की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आप के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कांग ने क्रिकेटर से नेता बने सिद्धू को याद दिलाया कि वह एक व्यक्ति की हत्या के आरोप में जेल में थे। मालविंदर सिंह ने कहा कि सिद्धू स्वतंत्रता सेनानी नहीं हैं, बल्कि एक हत्या के मामले में दोषी के रूप में जेल में बंद थे।
मालविंदर सिंह ने उस पर भी नवजोत सिंह सिद्धू को जवाब दिया, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि आप सरकार ने उनकी रिहाई में देरी की। आप प्रवक्ता ने कहा कि सिद्धू स्टंटमैन की तरह व्यवहार कर रहे हैं और राज्य सरकार के बारे में गलत बयानबाजी कर रहे हैं।
दस महीने बाद पटियाला जेल से रिहा हुए, नवजोत सिंह सिद्धू ने आप सरकार पर कथित रूप से अपनी रिहाई को कुछ घंटों के लिए रोकने की कोशिश करने के लिए निशाना साधा। यह दावा करते हुए कि वह "इतनी डरी हुई है कि वह सच्चाई सुनना नहीं चाहती है।"
मलविंदर सिंह कांग ने कहा, "पश्चाताप करने के बजाय, सिद्धू एक बातूनी व्यक्ति बने हुए हैं। उन्हें एक रोड रेज मामले के लिए दोषी ठहराया गया था जिसमें एक बुजुर्ग व्यक्ति की जान चली गई थी।" आप नेता ने नवजोत सिंह सिद्धू को आराम करने और अति उत्साह में बयान जारी नहीं करने की सलाह भी दी।
कांग ने कहा, "सिद्धू के बयान से साफ पता चलता है कि वह अपने राजनीतिक आकाओं को खुश करने की जल्दी में हैं। उन्हें परिवार के बीच बैठना चाहिए और भगवान से प्रार्थना करनी चाहिए क्योंकि उन्होंने लगभग एक साल जेल में बिताया है।"