Home » दिल्ली » सिविक सेंटर में तीज महोत्सव का आयोजन किया गया

सिविक सेंटर में तीज महोत्सव का आयोजन किया गया

👤 Veer Arjun Desk 4 | Updated on:9 Aug 2018 5:53 PM GMT

सिविक सेंटर में तीज महोत्सव का आयोजन किया गया

Share Post

हमारे संवाददाता

नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने आज सिविक सेंटर स्थित सभागार में हरियाली तीज महोत्सव का आयोजन किया। निगम ने इस अवसर पर सभी दिल्लीवासियों को इस पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ दी है। इस आयोजन के अवसर पर सांसद श्री रमेश बिधूड़ी, महापौर श्री नरेंद्र चावला, स्थायी समिति की अध्यक्षा श्रीमती शिखा राय, सदन की नेता श्रीमती कमलजीत सहरावत और बड़ी संख्या में महिला पार्षदगण भी उपस्थित थे। कार्पाम की अध्यक्षता निगम की राष्ट्रीय त्यौहार एवं समबद्ध मामले समिति की अध्यक्षा श्रीमती संजू रानी ने की।

इस अवसर पर महापौर श्री नरेंद्र चावला ने कहा कि सुहागिन महिलाओं का यह पर्व जो वे अपने पतियों की लम्बी उम्र के लिए करती है, शिव में उनकी गहरी आस्था को उजागर करता है। यह पर्व सुहागिनों की महान आस्था का पर्व है। निगम में पहली बार आयोजित इस महोत्सव की उन्होंने काफी प्रशंसा की। उन्होंने समारोह की प्रशंसा करते हुए कहा कि पर्व और त्योहार हमारी संस्कृति की जान है। इन्हीं से हमारी प्राचीन भारतीय संस्कृति की विश्व में एक पहचान कायम है। हमें इन त्योहारों को हर्षोउल्लास से मनाने चाहिए। अब निगम में भी ये त्योहार मनाये जाने लगे हैं, यह बड़े हर्ष का विषय है।

स्थाई समिति की अध्यक्षा श्रीमती शिखा राय ने हरियाली तीज महोत्सव के इस अवसर पर कहा कि सावन के इस पवित्र महीने में पड़ने वाला यह त्योहार सुहागिनों के लिए बहुत ही खास है। उन्होंने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ईश्वर उनकी मनोकामना पूरी करें। उन्होंने अपने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि ऐसे आयोजन से महिला निगमकर्मियों का उत्साह बढ़ता है। वे कार्य के प्रति और समर्पित होती हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन होता रहा है और आगे भी इसके आयोजन किये जाते रहेंगे। सबने इसकी खूब सराहना की। कार्पाम में निगम महिला कर्मियों को मेंहदी लगायीं गयीं। साथ ही उन्हें तीज महोत्सव के अवसर पर उपहार के तौर पर चूड़ियाँ, बिंदी आदि श्रृंगार सामग्री भी भेंट की गयी।

Share it
Top