Home » मनोरंजन » फिल्‍म निर्माता अनुराग कश्‍यप का 47वां जन्मदिन, कभी 5000 लेकर आये थे मुंबई

फिल्‍म निर्माता अनुराग कश्‍यप का 47वां जन्मदिन, कभी 5000 लेकर आये थे मुंबई

👤 Veer Arjun | Updated on:10 Sep 2019 7:51 AM GMT

फिल्‍म निर्माता अनुराग कश्‍यप का 47वां जन्मदिन, कभी 5000 लेकर आये थे मुंबई

Share Post

अनुराग कश्‍यप बेहतरीन फिल्‍म निर्देशक, स्‍क्रीनराइटर और निर्माता हैं। हमेशा अपने बयानों और फिल्मों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले अनुराग कश्यप आज अपना 47वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनका जन्म 10 सितम्बर,1972 को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में हुआ था। अनुराग कश्यप की शुरुआती पढ़ाई देहरादून और उसके बाद ग्वालियर में हुई। फिर उन्होंने दिल्ली के हंसराज कॉलेज से स्नातक की डिग्री ली। दिल्ली में अनुराग जन नाट्य मंच नामक थियेटर से जुड़े थे। इस संस्था के बैनर तले उन्होंने कई स्ट्रीट प्ले भी किए। बचपन से उन्हें फिल्मों का शौक था। अनुराग कश्यप ने एक समय में मुंबई की सड़कों पर भी रात गुजारी है।

अनुराग ने जब मुंबई में पहली बार कदम रखा था, तब उनकी जेब में सिर्फ 5000 रुपये थे। 1993 में मुंबई की ओर रुख करना अनुराग के लिए इतना आसान नहीं था। काफी मेहनत के बाद अनुराग को 'पृथ्वी थिएटर' में काम करने का मौका मिला। मगर किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया। नाटक के निर्देशक की आकस्मिक मौत के कारण उनका पहला नाटक अधूरा ही रह गया। अनुराग ने 1998 में आई गोपाल वर्मा की फिल्म 'सत्या' से 'को-राइटर' के रूप में बॉलीवुड में कदम रखा। 2004 में 'ब्लैक फ्राइडे के साथ उनके निर्देशन के करियर की शुरुआत हुई। इसके बाद 'नो स्मोकिंग, देव डी, गुलाल, द गर्ल इन ए येलो बूट, गैंग्स ऑफ वासेपुर, बॉम्बे वेलवेट' जैसी बेहतरीन फिल्में दीं। अनुराग के निर्देशन में बनी पहली फिल्म 'पांच' थी। हालांकि यह रिलीज नहीं हो सकी।

अनुराग ने हमेशा लीक से हटकर फिल्मों का निर्माण किया है। उन्होंने 2009 में फिल्म 'गुलाल' और 2011 में 'दैट गर्ल इन यैलो बूट्स' का भी निर्देशन किया। 2012 में आई उनकी फिल्म 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' के भाग 1 और 2 ने उनके निर्देशन का नया कीर्तिमान बनाया। यह फिल्म न केवल व्यावसायिक रूप से सफल रही, बल्कि समीक्षकों ने भी इसे काफी सराहा। फिल्म में उनके योगदान के लिए 2013 में 'कान फिल्म फेस्टिवल' में फ्रांस की सरकार द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया था।

अनुराग की पहली शादी आरती बजाज से हुई थी जिससे उन्हें एक बेटी है। दोनों ने 2009 में तलाक ले लिया था। बाद में अनुराग ने अभिनेत्री कल्कि कोचलिन से शादी की। कल्कि से वह पहली बार ऊंटी में फिल्म 'देव-डी' के निर्माण के दौरान मिले थे। 2013 में कश्यप और कोचलिन ने अलग होने की घोषणा की और मई 2015 में दोनों ने तलाक ले लिया। अनुराग अक्सर अपनी बेटी आलिया की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर करते रहते हैं। हाल ही में अनुराग कश्यप ने अपने माता-पिता और बेटी को मिल रही धमकियों के कारण ट्विटर छोड़ने की घोषणा की थी।

Share it
Top