Home » मध्य प्रदेश » राहुल के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे भाजपा नेताओं पर कांग्रेसियों का हमला

राहुल के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे भाजपा नेताओं पर कांग्रेसियों का हमला

👤 manish kumar | Updated on:16 Nov 2019 1:07 PM GMT

राहुल के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे भाजपा नेताओं पर कांग्रेसियों का हमला

Share Post

देवास। राफेल खरीद मामले पर दायर पुनर्विचार याचिका को सुप्रीम कोर्ट द्वारा खारिज किये जाने के बाद भाजपा ने शनिवार को प्रदेशभर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ हल्ला बोल प्रदर्शन किया। देवास जिला मुख्यालय पर भी भाजपा नेताओं द्वारा जोरदार प्रदर्शन किया गया, लेकिन यहां कांग्रेस नेताओं ने भाजपा के प्रदर्शन का विरोध किया। इस दौरान उनके बीच जोरदार हाथापाई भी हो गई। इस हाथापाई में कांग्रेस का पलड़ा भारी रहा। कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन कर रहे भाजपा नेताओं पर हमला कर दिया और उनके पीछे लाठी-डंडे लेकर दौड़ पड़े और पथराव भी किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हंगामा बढ़ते देख लाठीचार्ज कर भाजपा नेताओं को वहां से खदेड़ दिया।

दरअसल, राफेल सौदे को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा दिये गये बयान को लेकर भाजपा ने राजधानी भोपाल समेत प्रदेशभर में सडक़ों पर उतरकर प्रदर्शन किया और राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग की। देवास में भी भाजपा का प्रदर्शन हुआ। कांग्रेस नेता लाठी और डंडों के साथ प्रदर्शनस्थल पर पहुंच गए और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। दोनों तरफ से जमकर नारेबाजी हुई और इसी बीच दोनों दल के नेता आपस में भिड़ गए। हंगामा देख वहां बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गए थी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। हंगामा कर रहे नेताओं को बड़ी मुश्किल से शांत किया गया। इस दौरान पुलिस को हल्का बल का प्रयोग भी करना पड़ा। पुलिस ने जब भाजपा नेताओं को खदेड़ा तो कांग्रेस नेता उनके पीछे लाठी लेकर दौड़े और उन पर पत्थर भी फेंके।

भाजपा नेताओं ने पुलिस पर कांग्रेसियों का साथ देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गुंडागर्दी पर उतर आई है। पुलिस का पक्षपाती रवैया सामने आ रहा है। भाजपा नेताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है और कांग्रेस नेताओं को छोड़ रहे हैं। भाजपा नेताओं का कहना है कि राहुल ने जब सुप्रीम कोर्ट से इस मामले में माफी मांग ली है तो सार्वजनिक रूप से भी उन्हें माफी मांगनी चाहिए। हिस

Share it
Top