Home » मध्य प्रदेश » भाजपा सांसद नंदकुमार सिंह चौहान का निधन, सीएम ने व्यक्त किया दुख

भाजपा सांसद नंदकुमार सिंह चौहान का निधन, सीएम ने व्यक्त किया दुख

👤 manish kumar | Updated on:2 March 2021 6:49 AM GMT

भाजपा सांसद नंदकुमार सिंह चौहान का निधन, सीएम ने व्यक्त किया दुख

Share Post

खंडवा। मध्यप्रदेश के खंडवा संसदीय क्षेत्र से सांसद एवं भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान की 68 वर्ष की उम्र में दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया। कोरोना संक्रमित होने के बाद वे अस्पताल में भर्ती थे, जहां मंगलवार सुबह उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनके निधन पर दुख व्यक्त कर श्रद्धांजलि अर्पित की।


गौरतलब है कि भाजपा सांसद नंदकुमार सिंह चौहान को एक महीने पहले कोरोना संक्रमित होने के बाद भोपाल के निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां उनकी तबियत लगातार बिगड़ी चली गई। इसके बाद करीब 15 दिन पहले उन्हें एयर एम्बुलेंस से दिल्ली शिफ्ट किया गया था। प्रदेश भाजपा के अधिकारिक ट्वीट पर जानकारी दी गई है कि मंगलवार तडक़े वेंटीलेटर हटाने के बाद उनकी तबियत अचानक बिगड़ गई और उनका निधन हो गया। उनकी पार्थिव देह आज दोपहर में विशेष विमान से खंडवा लाई जाएगी और उनके गृह ग्राम शाहपुर में बुधवार को उनका अंतिम संस्कार होगा।

गौरतलब है कि नंदकुमार सिंह चौहान 2014 से 2018 तक भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रहे। वे खंडवा संसदीय क्षेत्र से सांसद क्षेत्र के कद्दावर भाजपा नेता थे। उनके परिवार में पत्नी दुर्गेशश्री और पुत्र हर्षवर्धन सिंह और दो पुत्रियां हैं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनके निधन पर दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने ट्वीट किया किया है कि -' लोकप्रिय जननेता 'नंदू भैया' हम सबको छोडक़र चले गए। हमारे सब प्रयास विफल हुए। नंदू भैया के रूप में भाजपा ने एक आदर्श कार्यकर्ता, कुशल संगठक, समर्पित जननेता को खो दिया। उन्होंनेे कहा कि नंदू भैया के निधन से वे व्यथित हैं और यह उनके लिए निजी क्षति है।' मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नंदकुमार सिंह चौहान ने अपना सर्वोत्कृष्ट योगदान दिया। उनकी पार्थिव देह आज उनके गृह गांव पहुंचेगी। कल हम सब उन्हें विदाई देंगे।

प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर ने ट्वीट करते हुए कहा है वे राजनीति के विराट व्यक्तित्व थे। वे छह बार सांसद, तीन बार नगरपालिका अध्यक्ष और दो बार विधायक रहे। उन्हें लगातार दो बार प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष रहने का सौभाग्य मिला। उन्होंने भी नंदू भैया के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है। प्रदेश भाजपा के नेताओं और राज्य के मंत्रियों ने भी सांसद नंदकुमार सिंह चौहान के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की है। एजेंसी

Share it
Top