Home » देश » उपेंद्र कुशवाहा के बयान पर विवाद

उपेंद्र कुशवाहा के बयान पर विवाद

👤 Veer Arjun Desk 4 | Updated on:25 April 2019 2:58 PM GMT
Share Post

दरभंग़ा। राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (आरएलएसपी) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने भारतीय जनता पार्टी पर बनावटी होने का आरोप लगाया है। बिहार के दरभंगा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने बीजेपी के खिलाफ बयान दिया, जिससे विवाद पैदा हो गया है। कुशवाहा ने कहा कि बीजेपी रामलीला की उस नकली सीता की तरह है, जो पर्दे के आगे रहती है तो उसके सामने सिर झुकते हैं और पर्दे के पीछे जाकर वह सिगरेट पीती है।

कुशवाहा ने कहा, 'हम तो बहुत नजदीक से देखकर आए हैं न, एनडीए में रहकर आए हैं। इतने सालों में बाहर से देखते रहे लेकिन अब तो अंदर जाकर देखकर आए हैं, क्या है इनके अंदर, क्या है इनके बाहर।' उन्होंने आगे कहा, 'रामलीला में मंच सजता है, पर्दा लगा होता है। पर्दा जब उठता है तो एक व्यक्ति माता सीता का रूप धारण करके आता है। देवी का रूप धारण करके, माताएं-बहनें जो देखती हैं सीता तो सिर झुका लेती हैं, इतना सम्मान...'।

कुशवाहा ने कहा, 'पर्दे के बाहर सीता का रूप और पर्दे के पीछे जाकर देखिए तो वही सीता जी सिगरेट पी रही होती हैं। बस यही भारतीय जनता पार्टी का चेहरा है।' उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी में अंदर सब कर्म-कुकर्म होता है और बाहर भगवान-देवी के रूप में हैं। उन्होंने कहा, 'देवी का रूप जनता के सामने मंच पर होता है और सिगरेट वाला रूप हम अंदर देखकर आए हैं।'

बता दें कि एनडीए में शामिल रहे उपेंद्र ने चुनाव की घोषणा से पहले ही एनडीए से नाता तोड़ लिया था और नरेंद्र मोदी मंत्रिपरिषद से इस्तीफा देकर विपक्षी महागठबंधन में शामिल हो गए थे। आरएलएसपी बिहार में विपक्षी महागठबंधन के साथ लोकसभा चुनाव लड़ रही है। आरएलएसपी के साथ गठबंधन में लालू प्रसाद की पार्टी आरजेडी, कांग्रेस, पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा सेक्युलर और मुकेश साहनी की पार्टी वीआईपी भी शामिल है।

Share it
Top