Home » देश » जम्मू सीमा, एलओसी पर हालात और बिगड़े

जम्मू सीमा, एलओसी पर हालात और बिगड़े

👤 Veer Arjun Desk 4 | Updated on:20 Jan 2018 5:17 PM GMT

जम्मू सीमा, एलओसी पर हालात और बिगड़े

Share Post

अनिल एस साक्षी

श्रीनगर। जम्मू फ्रंटियर तथा जम्मू संभाग के एलओसी से सटे सेक्टरों में हालात और बिगड़ गए हैं क्योंकि पाक सेना बीसियों सेक्टरों में भीषण गोलाबारी कर रही है। पाक सेना की गोलाबारी में आज भी दो जवान शहीद हो गए तथा दो नागरिकों की मौत हो गई। पिछले चार दिनों में मरने वालों का आंकड़ा बढ़ कर 10 हो गया है। पाक सेना की गोलाबारी में बीसियों पशु भी मारे गए हैं। दर्जनों मकान ध्वस्त हो चुके हैं। हजारों लोग राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं। हालांकि जवाबी कार्रवाई में पाक सेना को जबरदस्त क्षति पहुंचाने का दावा करने वाले कहते हैं कि पाक सेना की कई चौकिआं और बंकर ध्वस्त किए जा चुके हैं और कम से कम 20 पाक सैनिक मारे जा चुके हैं।
जम्मू संभाग में इंटरनेशनल बार्डर से लेकर एलओसी पर पाकिस्तान की ओर से गोलाबारी जारी है। करीब 28 सेक्टरों में पाकिस्तान की ओर से की जा रही भारी गोलाबारी से युद्ध जैसे हालात बन गए हैं। पाकिस्तान ने 50 से ज्यादा चौकियों और 100 से अधिक गांवों पर जमकर मोर्टार दागे। पाकिस्तान कई चौकियों और रिहायशी इलाकों को निशाना बना रहा है। इसमें आज दो नागरिकों और दो जवानों की की मौत हो गई जबकि डेढ़ दर्जन के करीब लोग घायल हो गए। इसे मिलाकर अब तक पांच जवानों सहित 10 की मौत हो चुकी है। पैंतीस के करीब लोग घायल हो गए हैं। वहीं अखनूर सेक्टर में भी सभी स्कूलों को बंद कर दिया है। सीमावर्ती क्षेत्रों से लोगों का पलायन जारी है। गोलाबारी में कई जानवर भी मारे गए हैं। पाकिस्तान ने पूरी रात गोलाबारी जारी रखी है। शनिवार की सुबह अरनिया सेक्टर में कुछ देर के लिए गोलाबारी जरूर थमी लेकिन जैसे ही कुछ लोगों ने गांवों का रुख किया। फिर से गोलाबारी शुरू हो गई। वहीं रामगढ़ सेक्टर में दो लोगों की मौत हो गई। सुबह करीब साढ़े नौ बजे कपूरपुर में पंद्रह साल के किशोर गारा राम निवासी कपूरपुर की मौत हो गई। इसी जगह पर दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं। इसी सेक्टर में दोपहर करीब बार बजे गार सिंह पुत्र खुशविंद्र सिंह की भी गोलाबारी में मौत हो गई।

Share it
Top