Home » देश » मानसून के विदाई का दौर शुरू

मानसून के विदाई का दौर शुरू

👤 manish kumar | Updated on:10 Oct 2019 5:46 AM GMT

मानसून के विदाई का दौर शुरू

Share Post

राज्य में मानसून के विदाई का दौर शुरू

भोपाल । राज्य से मानसून की विदाई शुरु हो गई है। इस बार मानसून की विदाई कुछ देर से हो रही है। देश में इस साल सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज कराने के बाद बुधवार से मानसून ने विदा होना शुरू कर दिया है। 15 अक्टूबर से पहले राजधानी भोपाल समेत राज्य के ज्यादातर हिस्सों से यह विदा हो जाएगा। इस साल मानसून ने सबसे ज्यादा देरी तक ठहरने का नया रिकॉर्ड बनाया है। अगले हफ्ते मानसून की विदाई होते ही ठंडक बढ़ेगी।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक उदय सरवटे ने बताया कि बुधवार से राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में आद्र्रता में कमी आई है और वहां प्रति चक्रवात बनने से हवा का रुख बदला है, जो दक्षिण-पश्चिमी मानसून की वापसी के संकेत दे रहा है। आमतौर पर ऐसी स्थितियां 01 सितम्बर से बनने लगती हैं। यानी इस बार यह देरी से वापसी कर रहा है। इससे पहले 1961 में यानी 58 साल पहले 1 अक्टूबर को मानसून की विदाई शुरू हुई थी। मौसम विभाग के मुताबिक अगले हफ्ते मानसून की विदाई होते ही प्रदेश में ठंडक बढ़ेगी। अक्टूबर का दूसरा सप्ताह शुरू होते ही रात के तापमान में गिरावट भी शुरू हो जाएगी। तीसरे हफ्ते में रात में पारा 4-5 डिग्री तक लुढक़ सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में ठंड के लिए जरूरी समझे जाने वाले फैक्टर वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर उत्तर भारत में शुरू हो चुका है। राजधानी भोपाल में पिछले तीन दिन से रात का तापमान 22 डिग्री से कम है। रात का औसत भी रात के सामान्य तापमान 19 डिग्री से कम है। इसी वजह से रात 11 बजे के बाद शहर में हल्की ठंड महसूस हो रही है। हवा का रुख भी बदल रहा है। इसके कारण दिन का तापमान भी तीन- चार दिन से 31 डिग्री से कम बना हुआ है। एजेंसी/हिस

Share it
Top