छह माह में ही गिर जाएगी उद्धव सरकारः गिरीश व्यास
मुंबई। भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता गिरीश व्यास ने दावा किया है कि मई -जून तक तीन दलों के समर्थन से चल रही उद्धव सरकार गिर जाएगी। उसके बाद होने वाले चुनाव में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ चुन कर आएगी और सरकार का गठन करेगी। व्यास ने कहा कि भाजपा की ओर से चुनाव की जोरदार तैयारी की जा रही है।
व्यास ने कहा कि महाराष्ट्र में जिस तरीके से कांग्रेस पार्टी ने सबसे ज्यादा विधायकों वाली भाजपा को सत्ता तक पहुंचने से रोका है, इससे कांग्रेस के बारे में देश की जनता में गलत संदेश गया है। व्यास ने कहा कि इसी संदेश की वजह से कर्नाटक में हुए उपचुनाव में भाजपा को सर्वाधिक सीटें हासिल हुई हैं। देश की जनता जानती है कि कांग्रेस सभी पार्टियों को साथ लेकर सिर्फ भाजपा को सत्ता से रोकना चाहती है। यह बात महाराष्ट्र की जनता भी समझ रही है और चुनाव आने पर वह कांग्रेस सहित अन्य दलों को भी सबक सिखाने वाली है।
गौरतलब है कि लगबग इसी तरह का बयान सोमवार को पूर्व वित्तमंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने भी दिया था। मुनगंटीवार ने कहा था कि बहुत जल्द सूबे की जनता को खुशखबरी मिलने वाली है। मुनगंटीवार ने कहा था कि पंकजा मुंडे व एकनाथ खडसे किसी भी तरह भाजपा नहीं छोड़ेंगे, बहुत जल्द राज्य में भाजपा की सरकार बनने वाली है।
इस समय महाविकास आघाड़ी सरकार के घटक दलों में तालमेल न होने की वजह से शपथग्रहण के 12 दिन बाद तक उद्धव ठाकरे अपने मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं कर पा रहे हैं। उधर, लोकसभा में शिवसेना ने नागरिकता संशोधन बिल-2019 के पक्ष में मतदान किया है। शिवसेना के इस निर्णय से कांग्रेस पार्टी नाराज बताई जा रही है। गिरीश व्यास ने मंगलवार को पत्रकारों को बताया कि तीनों पार्टी मिलकर सरकार चला नहीं पाएंगे और मई -जून से पहले ही उद्धव सरकार गिर जाएगी। (एजेंसी हिस.)