Home » देश » प्रियंका गांधी ने संत रविदास मंदिर में टेका मत्था, प्रदेश अध्यक्ष नाव से फिसले

प्रियंका गांधी ने संत रविदास मंदिर में टेका मत्था, प्रदेश अध्यक्ष नाव से फिसले

👤 mukesh | Updated on:10 Jan 2020 8:50 AM GMT

प्रियंका गांधी ने संत रविदास मंदिर में टेका मत्था, प्रदेश अध्यक्ष नाव से फिसले

Share Post

- पंचगंगा घाट पर कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़े, मचाया उत्पात

वाराणसी। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को अपने एक दिवसीय वाराणसी दौरे की शुरुआत राजघाट भैसासुरघाट स्थित संत रविदास मंदिर में मत्था टेक कर की। मंदिर में विधि विधान से दर्शन पूजन के बाद प्रियंका ने कहा कि बहुत दिनों से यहां आने की इच्छा थी, जो पूरी हुई। मंदिर के प्रबंधक सतीश कुमार ने इस दौरान अंगवस्त्रम, स्मृति चिन्ह और पत्रिकाएं भी प्रियंका को भेंट की। यहां सतीश कुमार की पत्नी बसंती देवी ने प्रियंका को अपने हाथ से मिठाई खिलाई। प्रियंका ने मंदिर के विजिटर बुक में भी हस्ताक्षर किये।

यहां से प्रियंका स्टीमर से गंगा के रास्ते पंचगंगा घाट पहुंची। स्टीमर पर चढ़ने के दौरान मची धक्कामुक्की में प्रदेश अध्यक्ष अजय सिंह लल्लू फिसल कर पानी में गिर गये। यह देख वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें स्टीमर पर चढ़ाया। पंचगंगा घाट पर प्रियंका गांधी सीएए के विरोध में प्रदर्शन के दौरान जेल भेजे गये सामाजिक कार्यकर्ताओं छात्रों से मिली। इसमें दुधमुंही बच्ची चंपक के माता-पिता एकता और रविशेखर भी शामिल रहे।

उधर, पंचगंगा घाट और राजघाट पर प्रियंका गांधी से मिलने गये कार्यकर्ता रोके जाने पर नाराज होकर आपस में ही भिड़ गये और वहां उत्पात भी मचाया जिससे थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। कार्यकर्ता इतने पर भी नहीं रूके और राजघाट पर प्रियंका से मिलने के लिए जमकर धक्कामुक्की भी की। राजघाट पर ही प्रियंका को देखने के चक्कर में कई कार्यकर्ता बुधना नामक वृद्धा की चौकी पर चढ़ गये। भार का दबाब बढ़ने पर चौकी टूट गई, यह देख वृद्धा और उसकी नातिन रोने लगी। यह देख आसपास के लोग भी नाराज हो गये। मामला बिगड़ता देख पार्टी के नेता पार्षद सीताराम केशरी ने चौकी बनवाने का भरोसा दिया तब जाकर बुधना शान्त हुई। (एजेंसी हिस.)

Share it
Top