Home » देश » सपा से जुड़ रहे लोगों की आवाज पड़ोसी ने सुन ली होगी : अखिलेश यादव

सपा से जुड़ रहे लोगों की आवाज पड़ोसी ने सुन ली होगी : अखिलेश यादव

👤 mukesh | Updated on:18 Jan 2020 1:54 PM GMT

सपा से जुड़ रहे लोगों की आवाज पड़ोसी ने सुन ली होगी : अखिलेश यादव

Share Post

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि हमारी पार्टी से आज बड़ी संख्या में नौजवान जुड़ रहे हैं। जो लोग सपा से जुड़ रहे हैं, उनके नारों की इतनी बुलंद आवाज है ​कि पड़ोस के लोगों ने जरुर सुन ली होगी।

समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील सिंह को सपा की सदस्यता दिलाते हुए अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पड़ोसी सम्बोधित करते हुए निशाना साधा। अखिलेश यादव ने कहा कि आज सपा से जुड़ने वाले सुनील सिंह और उनके साथ आये हजारों की संख्या में नौजवानों ने यहां जो भी कुछ कहा है, हमारे पड़ोसी के कानों में हर बात पहुंच गयी है।

उन्होंने कहा कि सुनील सिंह का पार्टी में स्वागत है। उनके साथ आये सहयोगियों का भी स्वागत करता हूं। हमारे पड़ोसी के पास अब ज्यादा वक्त नहीं है। उनके सरकार की उल्टी गिनती शुरू हुई समझिये। सुनील सिंह और ऐसे कितने लोगों के साथ अन्याय हुआ है। इनके विरोध करने पर योगी सरकार ने इनके ऊपर कई मुकदमे लाद दिए। पहले ही दिन से इनकी सरकार अन्याय कर रही है। जो विरोध में बोलता है, उसमें विरुद्ध झूठे मुकदमे दर्ज किए जाते हैं।

उन्होंने केन्द्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि असम के लोग ना जाने क्या चाहते थे, उनके बहाने भाजपा की केन्द्र सरकार ने नागरिकता संशोधन एक्ट (सीएए) का लागू कराया। असम के लोगों को अभी तक सीएए का फायदा नहीं हुआ है। कुछ हिस्से में असम में लागू भी नहीं हो सका है, लेकिन भाजपा को इसका फायदा हो गया। भाजपा के लोगों के पास हिंदू मुस्लिम के अलावा कोई काम नहीं है।

हिंदू युवा वाहिनी (भारत) का सपा में विलय

वर्ष 2002 में बनी हिंदू युवा वाहिनी के सुनील सिंह प्रदेश अध्यक्ष रहे। उनको हिंदू युवा वाहिनी से 2017 में निकाल दिया गया​ ​था। इसके बाद सुनील सिंह ने अपना खुद का संगठन हिंदू युवा वाहिनी (भारत) बना लिया था। शनिवार को उनके संगठन का समाजवादी पार्टी में विलय हो गया। इसके अलावा बसपा के नेताओं ने भी सपा की सदस्यता ली है।

मुलायम ने भरा जोश

सपा की सदस्यता लेने आये नौजवानों में सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने भी जोश भरा और उनके भाषण पर खूब तालियां बजी। मुलायम सिंह ने कहा कि सपा में नौजवानों के जुड़ने से 2022 की सफलता दूर नहीं है। जब नौजवान चाहता है, सरकारें बना लेता है। फिर अखिलेश के नेतृत्व में नौजवानों को काम करने का मौका मिल रहा है। (एजेंसी हिस.)

Share it
Top