Home » देश » CAA को लेकर विपक्ष पर गरजे अमित शाह, कहा-हम विरोध से डरने वाले नहीं

CAA को लेकर विपक्ष पर गरजे अमित शाह, कहा-हम विरोध से डरने वाले नहीं

👤 Veer Arjun | Updated on:21 Jan 2020 10:31 AM GMT

CAA को लेकर विपक्ष पर गरजे अमित शाह, कहा-हम विरोध से डरने वाले नहीं

Share Post

लखनऊ । केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के समर्थन में आयोजित रैली में यहां विपक्ष पर दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हम विरोध से डरने वाले नहीं हैं। हमारा जन्म और लालन-पालन विरोध में ही हुआ। किसी भी कीमत पर सीएए वापस नहीं होगा। वे आज यहां राजधानी के बंगला बाजार स्थित कथा पार्क में जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे।

गृहमंत्री शाह ने कहा ​कि सीएए पर विरोधी पार्टियां दुष्प्रचार और भ्रम फैला रही हैं। इसीलिए भाजपा जन जागरण अभियान चला रही है जो देश को तोड़ने वालों के खिलाफ जन जागृति का अभियान है। नरेन्द्र मोदी सीएए लेकर आए हैं। राहुल एंड कम्पनी, ममता बनर्जी, अखिलेश, मायावती, केजरीवाल सभी इस बिल के खिलाफ भ्रम फैला रहे हैं। देश में सीएए के खिलाफ भ्रम फैलाया जा रहा है, दंगे कराए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सीएए से अल्पसंख्यकों की नागरिकता चले जाने का झूठ फैलाया जा रहा है। उन्होंने विपक्ष को इस मुद्दे पर चर्चा करने की चुनौती देते हुए कहा कि अगर सीएए में किसी भी व्यक्ति की नागरिकता जाने की बात है तो साबित कर दिखाएं। विपक्ष अपनी सियासत करने के लिए सीएए को लेकर भ्रम फैला रहा है।

सीएए के विरोधियों पर हमलावर होते हुए शाह ने कहा कि इस बिल को लोकसभा में मैंने पेश किया है। मैं विपक्षियों से कहना चाहता हूं कि आप इस बिल पर सार्वजनिक रूप से चर्चा कर लो। ये अगर किसी भी व्यक्ति की नागरिकता ले सकता है तो उसे साबित करके दिखाओ।

उन्होंने कहा कि जब देश आजाद हुआ था तो कांग्रेस के पाप के कारण धर्म के आधार पर भारत मां के दो टुकड़े हो गए। 16 जुलाई 1947 को कांग्रेस पार्टी ने प्रस्ताव पास करके धर्म के आधार पर विभाजन को स्वीकार किया। कांग्रेस ने धर्म के आधार पर देश के विभाजन का काम किया। पाकिस्तान, अफगानिस्तान, बांग्लादेश में रहने वाले अल्पसंख्यकों पर वहां अत्याचार हुए, वहां उनके धार्मिक स्थल तोड़े जाते हैं। वो लोग वहां से भारत आए हैं। ऐसे शरणार्थियों को नागरिकता देने का ये बिल है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्षों से प्रताड़ित लोगों को उनके जीवन का नया अध्याय शुरू करने का मौका दिया है।

कांग्रेस, सपा और विपक्ष के पाप का भागीदार नहीं बनेंगे हम : योगी आदित्यनाथ

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह देश के हित में बड़े निर्णय कर रहे हैं। इससे रोकने का कुत्सित प्रयास हो रहा है। भारत का हर नागरिक पूरी मजबूती के साथ मोदी और शाह के साथ खड़ा है।

देश के अन्दर कांग्रेस और सपा तथा अन्य दुश्मन की भाषा बोलने का काम करते हैं। द्रोपदी ने भरी सभा में ज्ञानियों से दोषी कौन का सवाल पूछा था। तब केवल विदुर ने दोषियों और मौन रहने वालों को जिम्मेदार ठहराया था। हम कांग्रेस, सपा तथा विपक्ष के इस पाप का भागीदार नहीं बनेंगे। एक भारत, श्रेष्ठ भारत में हम सहभागी बनेंगे। चीरहरण के दृश्य में मौन भी नहीं रह सकते। सीएए के समर्थन में देश को दुनिया के सामने एक ताकत बनाने के लिए हम प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विभिन्न सरकारों को मौका मिला था लेकिन उन्होंने देश हित में काम नहीं किया। देश में पहली बार आतंकवाद, भेदभाव के खिलाफ सरकार काम कर रही है।

मोदी है तो मुमकिन का नारा दिया गया। इसलिए उनके नेतृत्व में दूसरी बार सरकार बनने पर दृढ़ इच्छा शक्ति के साथ कदम बढ़ाये गये हैं। यह काम 1947 के बाद ही हो जाना चाहिए था। उन्होंने अनुच्छेद 370 समाप्त करने से लेकर तीन तलाक, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त होने और सीएए को लेकर मोदी सरकार के फैसले की सराहना की।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लेकिन पिछली सरकारों में ऐसी हिम्म्मत नहीं थी। आज कांग्रेस, सपा ​सहित अन्य विपक्षी दल सीएए का विरोध कर रहे हैं। यह नागरिकता देने का कानून है, लेने का नहीं। कहा कि पैसे देकर धरना प्रदर्शन करवाकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। झूठ के पांव नहीं होते। सत्य हमेशा सत्य रहेगा और कसौटी पर खरा उतरेगा। मुख्मंत्री ने अपने भाषण का समापन जय-जय श्रीराम के साथ किया।

Share it
Top