Home » देश » भाजपा ने राजनीति में शुचिता, सुशासन-समानता के सिद्धांत स्थापित करने में निभाई भूमिकाः योगी

भाजपा ने राजनीति में शुचिता, सुशासन-समानता के सिद्धांत स्थापित करने में निभाई भूमिकाः योगी

👤 mukesh | Updated on:6 April 2020 7:13 AM GMT

भाजपा ने राजनीति में शुचिता, सुशासन-समानता के सिद्धांत स्थापित करने में निभाई भूमिकाः योगी

Share Post

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने भाजपा के 40वें स्थापना दिवस पर सोमवार को कार्यकर्ताओं को बधाई दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंत्योदय, एकात्म मानववाद, राष्ट्रवाद व मां भारती की सेवा को अपना ध्येय बनाकर चलने वाली भाजपा ने भारतीय राजनीति में शुचिता, सुशासन एवं समानता के सिद्धांतों को स्थापित करने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई है। भाजपा के 40वें स्थापना दिवस पर सभी कार्यकर्ताओं को असंख्य शुभकामनाएं।

उन्होंने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के ट्वीट को रिट्वीट भी किया। इसमें नड्डा ने कहा कि भाजपा के 40वें स्थापना दिवस पर मैं सभी कार्यकर्ताओं से कोविड -19 के विरुद्ध लड़ाई में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जरूरतमंद लोगों की मदद करने और हमारे स्वास्थ्य के लिए काम करने वालों का उत्साहवर्धन व आभार प्रकट करने का अनुरोध करता हूं।

एक दिन का भोजन करेंगे त्याग

इसमें अपील की गई है कि सभी कार्यालयों और हर कार्यकर्ता के घर में पार्टी का नया ध्वज फहराएं, ध्वजारोहण के समय एक दूसरे से दूरी बनाये रखें। घर पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी व पं. दीन दयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पार्चन किया जाए। सभी कार्यकर्ता स्थापना दिवस पर एक समय के भोजन का त्याग कर लॉकडाउन के दौरान कष्ट झेल रहे लोगों के साथ अपनी सहानुभूति व्यक्त करें। 'फीड द नीडी' कार्यक्रम के अन्तर्गत खाद्य सामग्री के छह पैकेट का वितरण जरूरतमंदों के बीच किया जाए।

भाजपा कार्यकर्ता हर घर में देंगे फेस कवर

अगले एक सप्ताह में ऐसी सुदढ़ व्यवस्था बनाई जाए, जिसके अन्तर्गत हमारे बूथ के हर व्यक्ति को हम घर पर निर्मित दो फेस कवर दे सकें। 40वें स्थापना दिवस पर अपने बूथ के 40 घरों से सम्पर्क कर पांच धन्यवाद पत्रों पर उनके हस्ताक्षर लेने हैं। ये पत्र पुलिस, डॉक्टर व नर्स, सफाई कर्मचारी, बैंक व पोस्ट ऑफिस के कर्मचारी और सरकारी कर्मचारी को धन्यवाद ज्ञापित करने के लिए होंगे। इन धन्यवाद पत्रों को अपने क्षेत्र के कोरोना योद्धाओं को देने हैं।

अथक परिश्रम करने वाले देवतुल्य कार्यकर्ताओं को नमन-स्वतंत्र देव

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि राष्ट्रनिष्ठा, सिद्धांतों और विचारधारा के बल पर देश में सुशासन देने वाली विश्व के सबसे बड़े राजनैतिक दल भारतीय जनता पार्टी के 40वें स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनायें। उन्होंने कहा कि इस शुभावसर पर उन सभी महानुभावों एवं अथक परिश्रम करने वाले देवतुल्य कार्यकर्ताओं को नमन करता हूं जिन्होंने अपने त्याग, समर्पण और निस्वार्थ सेवा से भारतीय जनता पार्टी को इन बुलंदियों तक पहुंचाया है।

उपमुख्यमंत्रियों ने भी दी शुभकामनाएं

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के 40वें स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर मैं उन सभी महान विभूतियों को नमन करता हूं जिनकी निस्वार्थ सेवा और समर्पण से पार्टी आज इस शिखर पर पहुंची है। उन्होंने कहा कि भाजपा के समस्त ईमानदार, देवतुल्य कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।

उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि चरैवेति चरैवेति। यहीं तो मंत्र है अपना नहीं रुकना नहीं थकना सतत् चलना सतत् चलना। वरिष्ठ व अनुभवी प्रदर्शकों के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी को अभुतपूर्व ऊंचाई पर पहुंचाने वाले करोड़ों कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों को भाजपा स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। (एजेंसी हिस.)

Share it
Top