Home » देश » किसानों के दिल्ली कूच पर सतर्क हुई सरकार, पंजाब, यूपी, राजस्थान और दिल्ली से जुड़ी हरियाणा की सीमाएं सील

किसानों के दिल्ली कूच पर सतर्क हुई सरकार, पंजाब, यूपी, राजस्थान और दिल्ली से जुड़ी हरियाणा की सीमाएं सील

👤 Veer Arjun | Updated on:24 Nov 2020 10:52 AM GMT

किसानों के दिल्ली कूच पर सतर्क हुई सरकार, पंजाब, यूपी, राजस्थान और दिल्ली से जुड़ी हरियाणा की सीमाएं सील

Share Post

चंडीगढ़ । हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश के किसानों को कांग्रेस व अन्य राजनीतिक दलों के बहकावे में न आने की अपील करते हुए कहा है कि कानून-व्यवस्था की स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पड़ोसी राज्य पंजाब, यूपी, राजस्थान व दिल्ली से जुड़ी हरियाणा की सीमाओं को सील रखा जाएगा। किसानों को हरियाणा के रास्ते दिल्ली में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। सरकार ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं।

मंगलवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में सीएम मनोहर लाल ने कहा कि किसानों को दिल्ली जाने से रोकने के लिए हरियाणा व पंजाब की सीमाएं सील की जाएंगी। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, राजस्थान आदि से वाया हरियाणा होते हुए दिल्ली जाने वाले मार्गों पर भी पुलिस को तैनात कर दिया गया है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था को नियंत्रण में रखना बेहद जरूरी है। इसलिए कुछ किसानों को एहतियातन हिरासत में लिया गया है।

मुख्यमंत्री ने किसान संगठनों से दिल्ली कूच वापस लेने की अपील करते हुए कहा कि वह विपक्ष के बहकावे में आना बंद करें। कांग्रेस समेत कुछ संगठन किसानों को बरगलाने का काम कर रहे हैं। तीनों कृषि कानून किसानों के हित में हैं। न तो एमएसपी बंद हो रहा है और न ही मंडियां बंद हो रही हैं। हरियाणा सरकार ने धान की फसल की खरीद सभी मंडियों में एमएसपी पर की है। आगे भी ऐसा ही होगा और भविष्य में मंडियों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। मनोहर लाल ने हरियाणा के किसानों से 25 व 26 नवंबर को वह दिल्ली जाने से परहेज करने की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश के सामान्य नागरिकों को भी अगर बेहद जरूरी हो तभी पंजाब जाने वाले रास्तों पर जाएं।

Share it
Top