Home » देश » टूलकिट मामले में गर्माई सियासत, कांग्रेस ने दिशा रवि की गिरफ्तारी पर उठाए सवाल

टूलकिट मामले में गर्माई सियासत, कांग्रेस ने दिशा रवि की गिरफ्तारी पर उठाए सवाल

👤 Veer Arjun | Updated on:15 Feb 2021 7:37 AM GMT

टूलकिट मामले में गर्माई सियासत, कांग्रेस ने दिशा रवि की गिरफ्तारी पर उठाए सवाल

Share Post

नई दिल्ली । 'टूलकिट' मामले में पर्यावरण कार्यकर्ता दिशा रवि की गिरफ्तारी के बाद से सियासत गर्मा गई है। कांग्रेस ने दिशा रवि की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए मोदी सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा है कि लगता है कि सरकार अब एक निहत्थी लड़की से डर गई है तो कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि भारत को चुप नहीं कराया जा सकता।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने जलवायु कार्यकर्ता की टूलकिट मामले में हुई गिरफ्तारी का विरोध करते हुए कहा है कि भारत को चुप नहीं कराया जा सकता है। उन्होंने सोमवार को ट्वीट कर लिखा, 'बोल की लब आजाद हैं तेरे, बोल की सच जिंदा है अब तक। वो डरे हैं, देश नहीं। भारत को चुप नहीं कराया जा सकता।' कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सरकार पर निशाना साधते हुए ट्वीट में लिखा, 'डरते हैं बंदूकों वाले एक निहत्थी लड़की से, फैले हैं हिम्मत के उजाले एक निहत्थी लड़की से।' उन्होंने दिशा रवि की रिहाई की मांग भी की है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने भी पर्यावरण कार्यकर्ता दिशा रवि की गिरफ्तारी को लेकर सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि क्या देश इतना कमजोर है कि एक ट्वीट से उसकी सुरक्षा को खतरा है? क्या देश में आज ऐसी स्थिति है कि 22 साल की युवा राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा है? क्या देश इतना असहिष्णु है कि वह किसानों के साथ खड़े युवाओं को बर्दाश्त नहीं कर सकता है? क्या यह 'बदली' मोदीजी चाहते थे?

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने टूलकिट मामले में हुई दिशा की गिरफ्तारी को शर्मनाक बताया है। उन्होंने कहा कि ग्लोबल क्लाइमेट चेंज से जुड़ी एक युवा ऐक्टिविस्ट पर अजीब आरोप लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा है तो मलाला और ग्रेटा थुनबर्ग जैसे युवा अपराधी होंगे!! हमें सोचना होगा कि हम किस दिशा में और कहां जा रहे हैं?

Share it
Top