Home » देश » मप्र में 'टीका उत्सव' में जुटे सेवाभारती के स्वयंसेवक, 16 कैंप में एक लाख से अधिक लोगों का टीकाकरण

मप्र में 'टीका उत्सव' में जुटे सेवाभारती के स्वयंसेवक, 16 कैंप में एक लाख से अधिक लोगों का टीकाकरण

👤 manish kumar | Updated on:11 April 2021 5:21 PM GMT

मप्र में टीका उत्सव में जुटे सेवाभारती के स्वयंसेवक, 16 कैंप में एक लाख से अधिक लोगों का टीकाकरण

Share Post

भोपाल। कोरोना महामारी को हराने के लिए देश भर में 11 से 14 अप्रैल तक 'टीका उत्सव' अभियान चलाया जा रहा है। यह दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान है। सेवाभारती, कोरोना महामारी में एक बार फिर महत्वपूर्ण भूमिका निभाती दिख रही है। सेवाभारती मध्यभारत, शासन के सहयोग से 16 स्थानों पर वैक्सीनेशन कैंप संचालित कर रही है, जिनमें अब तक एक लाख से अधिक लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। इसके साथ ही सेवाभारती के कार्यकर्ता सेवा बस्तियों में निवासरत बुजुर्ग महिला-पुरुषों को कोविड वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं एवं सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

इस संबंध में डॉ. रामअवतार यादव ने बताया कि प्रदेश में कोरोना बढ़ते संक्रमण के बीच लोगों का जीवन बचाने के लिए एक बार फिर सेवाभारती मध्यभारत के कार्यकर्ता सक्रिय हो गए हैं। प्रारंभिक लॉकडाउन के समय सेवाभारती ने राशन, दवाइयां, मास्क और जरूरी सामग्री समाज के कमजोर वर्ग तक पहुंचा कर बड़ा काम किया था। इस बार टीकाकरण अभियान को सफल बनाने और अधिकतम लोगों को टीका लगवाने के लिए प्रेरित करनी की जिम्मेदारी सेवाभारती के कार्यकर्ताओं ने ली है। सेवाभारती द्वारा 16 स्थानों पर संचालित टीकाकरण केन्द्रों पर प्रतिदिन 4000 से अधिक लोगों का टीकाकरण किया जा रहा है।

उन्‍होंने बताया कि सेवाभारती मध्यभारत के 118 समर्पित कार्यकर्ता प्रत्यक्ष रूप से वैक्सिनेशन कार्य को गति देने में लगे हुए हैं। टीकाकरण केंद्रों पर यह सुनिश्चित किया जा रहा कि 45 वर्ष से अधिक उम्र के प्रत्येक व्यक्ति को स्वदेशी वैक्सिन का कवच दिया जाए ताकि वे कोरोना के विरुद्ध युद्ध को जीत सकें। 'पूरा समाज अपना है और इसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी हमारी है', इस भावना के साथ सेवा भारती के कार्यकर्ताओं ने डोर टू डोर कैंपेन से लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से सामाजिक जनजागरण अभियान आरंभ कर दिया है।

इस दौरान उनका कहना यह भी था कि कोरोना संक्रमण से समाज को सचेत, सतर्क एवं सजग करने के उद्देश्य से सेवा भारती मध्यभारत के द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से विशेष रूप से जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें पोस्टर, पोस्ट्स और वीडियो के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा। वहीं कोरोना के प्राणघातक संक्रमण से लोगों को बचाने के लिए सेवा भारती के कार्यकर्ता स्थानीय लोगों को जागरूक कर रहे हैं एवं उन्हें टीकाकरण केंद्र जाने के लिए भी प्रेरित कर रहे हैं।


Share it
Top