Home » देश » झांसी में ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से मध्य प्रदेश के एक ही परिवार के 11 लोगों की मौत

झांसी में ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से मध्य प्रदेश के एक ही परिवार के 11 लोगों की मौत

👤 Veer Arjun | Updated on:15 Oct 2021 3:11 PM GMT
Share Post

दतिया/झांसी। दशहरे के मौके पर भजन कीर्तन करते हुए ज्वारे लेकर दतिया के भांडेर स्थित पंडोखर से छिरौना माता मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्राली झांसी (उत्तर प्रदेश) के चिरगांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक ही परिवार के 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इनमें सात महिलाएं तथा चार बच्चे शामिल हैं। ट्रैक्टर ट्रॉली पर 25-30 लोग सवार थे और सभी मध्य प्रदेश के दतिया जिले के पंडोखर क्षेत्र निवासी थे। हादसे में 17 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है।

जानकारी के मुताबिक, पंडोखर निवासी बलवीर जाटव ने नवरात्रि पर ज्वारे बोए थे। इनका विसर्जन करने दशहरे वाले दिन बलवीर अपने परिवार के महिला-बच्चों सहित अन्य लोगों के साथ गांव के ठाकुरदास जाटव के ट्रैक्टर ट्राली में सवार होकर छिरौना माता के लिए निकले थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे चिरगांव के निकट हादसे में ट्रैक्टर ट्राली सड़क किनारे पानी से भरे धान के खेत में पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे दबने से 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं 17 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में सात महिलाएं और चार मासूम बच्चे शामिल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और मामले की जानकारी ली। झांसी के पुलिस अधीक्षक शिवहरि मीणा ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली के सामने अचानक मवेशी आ जाने से हादसा हुआ है। सभी मृतक एक ही खानदान के हैं। मृतकों में 40 वर्षीय पुष्पा देवी पत्नी जानकी, 40 वर्षीय मुन्नी देवी पत्नी मोतीलाल, 35 वर्षीय सुनीता बाई पत्नी रविंद्र कुमार, 25 वर्षीय पूजा देवी पत्नी अनिल, 45 वर्षीय राजो पत्नी कैलाश, 50 वर्षीय प्रेमवती पत्नी जसमन, 55 वर्षीय कुसुमा पत्नी मनीराम, 10 वर्षीय कृष्णा, एक वर्षीय परी, चार वर्षीय अनुष्का और एक वर्षीय अवी नामक बच्चा शामिल है।

वहीं, गंभीर घायलों में 35 वर्षीय की राजवती, 33 वर्षीय संध्या, 34 वर्षीय भूरी और 32 वर्षीय राजा बेटी समेत 17 लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गांव में भर्ती किया गया था, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। दतिया कलेक्टर संजय कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर तत्काल एसडीएम भांडेर एवं पुलिस अधिकारी घटना स्थल की ओर रवाना किए गए है। शासन के नियमानुसार सहायता राशि के प्रकरण तैयार किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने झांसी जिले के चिरगाँव थाना क्षेत्र के भाण्डेर रोड पर हुई सड़क दुर्घटना में दतिया जिले के 4 बच्चों सहित 11 लोगों के असमय निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि -"झांसी जिले के चिरगांव थाना क्षेत्र के भांडेर रोड पर ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से हुए हादसे में दतिया के कई भाई-बहनों व बच्चों के असमय निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को संबल तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। ॐ शांति!"

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा है कि मृतकों के परिजन को हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने जिला प्रशासन दतिया को निर्देश दिए हैं कि यदि पीड़ित परिवार संबल योजना में सहायता के पात्र हैं तो उन्हें शीघ्र इस योजना का लाभ पहुँचाया जाए। सड़क दुर्घटना में सभी मृतक दतिया जिले की भाण्डेर तहसील के पण्डोखर क्षेत्र के निवासी हैं।


Share it
Top