Home » देश » पंचकूला से खेलो इंडिया यूथ गेम्स की गृह मंत्री अमित शाह ने की शुरुआत

पंचकूला से खेलो इंडिया यूथ गेम्स की गृह मंत्री अमित शाह ने की शुरुआत

👤 mukesh | Updated on:4 Jun 2022 8:53 PM GMT

पंचकूला से खेलो इंडिया यूथ गेम्स की गृह मंत्री अमित शाह ने की शुरुआत

Share Post

- ताऊ देवी लाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स रंग-बिरंगी रोशनी से सराबोर नजर आया, शुभंकर जय, विजया और धाकड़ रहे आकर्षण का केंद्र

चंडीगढ़। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Home Minister Amit Shah) ने शनिवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल (Chief Minister Manohar Lal) की उपस्थिति में पंचकूला (Panchkula) से खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 (Khelo India Youth Games-2021) का आगाज किया। इस उद्घाटन समारोह के दौरान ताऊ देवी लाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स रंग-बिरंगी रोशनी से सराबोर नजर आया। आर्मी बैंड द्वारा राष्ट्रगान की धुन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस दौरान केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने विशिष्ट अतिथि के तौर पर शिरकत की।

ताऊ देवी लाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स अगले 10 दिनों तक पदक के लिए खिलाड़ियों के दम-खम का गवाह बनेगा। 4,700 से अधिक एथलीट 5 स्वदेशी खेलों सहित 25 रोमांचक खेलों में स्वर्ण और गौरव के लिए संघर्ष करेंगे।

उद्घाटन समारोह के दौरान लोकप्रिय पंजाबी और हिंदी रैपर दिलिन नायर, जिन्हें रफ्तार के नाम से जाना जाता है, शो-स्टॉपर के रूप में प्रदर्शन करते हुए दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम को मंत्रमुग्ध कर दिया। रफ्तार ने खेलो इंडिया एंथम 'अब की बार हरियाणा' के अपने गायन के साथ शाम को जीवंत कर दिया, जिससे प्रत्येक व्यक्ति का उत्साहवर्धक हुआ।

खेलो इंडिया यूथ गेम्स के शुभंकर विजया द टाइगर और जया द ब्लैकबक अखाड़े में नाचते हुए आए। हालांकि, सबसे जोरदार तालियां और जोश हरियाणा के अपने शुभंकर 'धाकड़ द बुल' के लिए देखने को मिला। इसे ट्रैक्टर पर स्टेडियम में 'हम, हम, हम- खेलो इंडिया एंथम के साथ ले जाया गया।

खेलो इंडिया गेम्स में पहली बार हरियाणा ने राज्यव्यापी मशाल रिले का भी आयोजन किया। विशेष रूप से डिजाइन किए गए कैंटर ने सभी जिलों का दौरा किया और खेलों को बढ़ावा दिया तथा बच्चों को खेल के लिए प्रोत्साहित किया।

खेलों की मशाल को स्टेडियम में नाटकीय रूप से प्रवेश करने के बाद जलाया गया, जहां से इसे 25 दिन पहले झंडी दिखाकर रवाना किया गया था। इस दौरान एथलीटों ने खेल के नियमों और निष्पक्ष खेल की भावना से सम्मान व पालन करने के लिए ओलंपिक शैली की शपथ ली।

इस अवसर पर केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज, बिजली मंत्री रणजीत सिंह, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जय प्रकाश दलाल, सहकारिता मंत्री डॉ बनवारी लाल, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ कमल गुप्ता, सांसद रतनलाल कटारिया, हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष रणबीर सिंह गंगवा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री ओम प्रकाश यादव, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री कमलेश ढांडा, खेल एवं युवा मामले राज्यमंत्री सरदार संदीप सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। (एजेंसी, हि.स.)

Share it
Top