Home » राजस्थान » पुष्य नक्षत्र आज, जमकर होगी खरीदारी

पुष्य नक्षत्र आज, जमकर होगी खरीदारी

👤 manish kumar | Updated on:21 Oct 2019 5:12 AM GMT

पुष्य नक्षत्र आज, जमकर होगी खरीदारी

Share Post

जोधपुर ।धनतेरस से पहले मिनी धनतेरस यानि पुष्य नक्षत्र सोमवार को है। समृद्धिदायक व चिरस्थाई खरीदारी के लिए शुभ माने जाने वाले पुष्य नक्षत्र पर बिक्री के लिए सभी बाजार सजकर सज चुके है। वहीं शहरवासी भी इस दिन जमकर खरीदारी करने के लिए उत्साहित है। व्यापारियों के लिए पुष्य नक्षत्र मिनी धनतेरस की तरह है।

लोकमान्य के अनुसार नवरात्रा स्थापना, होमाष्टमी, महानवमी, धन, त्रयोदशी रूप में चतुर्दशी और दीपावली के दिनों को अबूझ मुहुर्त की संज्ञा दी गई है। इन दिनों में नए सामान की खरीद, नवगृह प्रवेश समेत सभी प्रकार के शुभ कार्य करने की परम्परा है। दीपोत्सव के पूर्व आने वाले पुष्य नक्षत्र पर भी ज्वैलरी, भूमि, मशीनरी, वाहन और अन्य गृहोपयोगी सामान की खरीद के लिए उत्तम व शुभ दिन है। धनतेरस से पहले पुष्य नक्षत्र व सिद्ध योग देखते हुए व्यापारियों को भी उम्मीद है कि धनतेरस से पहले बाजार में एक और मिनी धनतेरस मनेगी। पुष्य नक्षत्र को लिए व्यापारियों ने दुकानों पर माल जमा करके सजा दिए है। इस दिन इलेक्ट्रीक, इलेक्ट्रोनिक्स, ज्वैलरी, वाहन, फर्नीचर, बर्तन आदि की रिकॉर्ड तोड़ बिक्री की उम्मीद है।

दीपावली से पहले इस बार खरीदारी के लिए दो दिन पुष्य नक्षत्र है। 21 अक्टूबर को सोम पुष्य और 22 अक्टूबर को भौम (मंगल) पुष्य नक्षत्र रहेगा। दोनों दिन अन्य शुभ योगों का संयोग भी रहेगा। पुष्य नक्षत्र 21 अक्टूबर को शाम 5.33 से शुरू होकर दूसरे दिन मंगलवार शाम 4.40 तक रहेगा। सोम पुष्य पर 21 अक्टूबर को सिद्धि योग भी रहेगा। अगले दिन भौम पुष्य एवं सुबह 10.55 तक साध्य योग और इसके बाद शुभ योग रहेगा। मंगल तांबे का देवता है। इस दिन कीमती धातु के साथ ही तांबे के बर्तन भी खरीदे जा सकते हैं।

वाहनों के शो रूम सजे:

पुष्य नक्षत्र व धनतेरस के इंतजार में वाहनों के शोरूम तैयार हैं। कई लोगों ने वाहनों की बुकिंग करवा ली है। मोटर्स विक्रेताआें का कहना है कि दुपहिया वाहनों के लिए तो इस बार नवरात्रों से ही काफी बेहतर मांग रही है। पिछली बार से इस बार 25-30 फीसदी तक मांग बढ़ी है। बाजार में इन दिनों वाहन कंपनियों द्वारा नकद छूट, एक्सचेंज ऑफर, विभिन्न उपहारों की स्कीमें भी चल रही हैं। बाजार में फाइनेंस भी आसान शर्तों पर दिया जा रहा है। इन सारी बातों का परिणाम यह है कि पुष्य नक्षत्र वाले दिन वाहन डीलरों के अच्छी भीड़ रहेगी। उन्हें अभी से डिलीवरी के लिए तैयारियां करनी पड़ रही हैं। कंपनियों के पास आगे के लिए ऑर्डर जा चुके हैं।

इलेक्ट्रानिक बाजार में आएगी बूम: त्योहारी सीजन के मद्देनजर इस बार इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार ने जमकर तैयारी की थी। बाजार में नए उत्पाद हैं और उन पर बेहतर स्कीमें हैं। जानकारों का मानना है कि जोधपुर में इस त्योहारी सीजन में करीब तीन सौ करोड़ रुपए से अधिक की खरीद होगी। बाजारों में लोग उनके दाम और फीचर्स के बारे में जानकारी ले रहे हैं और बहुतों ने पुष्य और धनतेरस की बुकिंग भी करानी शुरू कर दी है। इस बार बाजार में उन्नत तकनीक वाले माइक्रोवेव अवन और एलसीडी टेलीविजन की मांग है।

Share it
Top