Home » राजस्थान » मकर संक्रांति पर्व पर छाया उल्लास, शहर में दान-पुण्य का दौर रहा

मकर संक्रांति पर्व पर छाया उल्लास, शहर में दान-पुण्य का दौर रहा

👤 manish kumar | Updated on:15 Jan 2020 3:17 PM GMT

मकर संक्रांति पर्व पर छाया उल्लास, शहर में दान-पुण्य का दौर रहा

Share Post

जयपुर । मकर संक्रांति पर्व का उल्लास बुधवार को भी छाया रहा। सूर्योदय के साथ ही शहर में दान-पुण्य का दौर रहा। लोगों ने गलता तीर्थ में पुण्य की डुबकी लगाई। गलता स्नान के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। वहीं गोविंददेवजी मंदिर, मोती डूंगरी गणेशजी सहित अन्य मंदिरों में प्रभु के दर्शनों के लिए लोग उमड़े। ठाकुरजी को तिल के लड्डुओं और फीणी का भोग लगाया गया। दिनभर लोगों ने दान-पुण्य किया और गायों का चारा खिलाया।

सूर्य के मकर राशि में प्रवेश करने के साथ ही सूर्य दक्षिणायन से उत्तरायण की ओर आने शुरू हो गए है। ऐसे में सूर्योदय के साथ ही लोगों में गलता स्नान, दान-पुण्य, देवदर्शन करने की होड सी मची। लोगों ने मंदिरों में दर्शनों के साथ ही दिन की शुरुआत की।

गलता पीठ के प्रवक्ता राघवेन्द्र ने बताया कि गलता तीर्थ में स्नान के लिए अलसुबह से ही लोग उमड़े। लोगों ने गलता स्नान करने के बाद दान पुण्य किया। गायों को हरा चारा खिलाया। पक्षियों को दाना डाला। गलता पीठाधीश्वर स्वामी अवधेशाचार्य महाराज के सान्निध्य में गलता तीर्थ में लोगों को खिचड़ी और चाय प्रसादी स्वरूप बांटी गई। गलता में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर भी लगाया गया, जहां लोगों ने विभिन्न जांचें करवाई। मंदिरों में ठाकुरजी को तिल के लड्डुओं और फीणी का भोग लगाया गया। लोगों ने सूर्य कुंड में पुण्य की डुबकी लगाई। यहां शहर के साथ आस-पास के गांवों से भी लोग गलता स्नान के लिए पहुंचे।

मंदिरों में सजी पतंगों की झांकी

शहर के आराध्य गोविंददेवजी मंदिर में महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में मकर संक्रांति महोत्सव का आयोजन किया गया। मंदिर में पतंगों की झांकी सजाई गई। मंदिर प्रवक्ता मानस गोस्वामी ने बताया कि गोविंददेवजी के दर्शनों के लिए मंगला झांकी से ही लोग पहुंचे। लोगों ने गोविंददेवजी के दर्शनों के साथ ही दिन की शुरुआत की। धूप झांकी के ठाकुरजी को तिल के लड्डुओं और फीणी का विशेष भोग लगाया गया। मंदिर में दर्शन करने आने वाले भक्तों को तिल के लड्डू बांटे गए।

इधर काले हनुमानजी महाराज में विशेष झांकी के दर्शन हुए। मंदिर महंत गोपालदास महाराज के सान्निध्य में हनुमानजी महाराज को तिल के लड्डुओं और फीणी का विशेष भोग लगाया गया। मंदिर में दर्शनों के लिए सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ी। शहर के अन्य मंदिरों में भी ठाकुरजी के दर्शनों के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी।

अक्षरधाम मंदिर में नई खाद्यान्न फसलों के साथ नववर्ष 2020 की पतंगों की झांकी सजाई गई। गलता रोड स्थित गीता गायत्री मंदिर, आनंदकृष्ण बिहारी, रामचंद्र जी, इस्कॉन, अक्षयपात्र सहित अन्य मंदिरों में बुधवार को झांकी सजाई गई।

अंबाबाड़ी स्थित संकटमोचन हनुमान मंदिर में पवनपुत्र के समक्ष पतंग और चरखी की झांकी सजाई गई। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरेन्द्र गुप्ता ने बताया कि बड़ी संख्या में भक्तों ने दर्शन कर सुख समृद्धि की कामना की। गौरतलब है कि इस बार मकर संक्रांति पर्व दो दिन मनाया गया। पुण्यकाल 15 जनवरी रहा और वहीं 14 जनवरी को पतंगोत्सव मनाया गया।

Share it
Top