Home » धर्म संस्कृति » दीवाली पर घर को यूनिक लुक देना है तो खुद बनाकर लगाएं कंदील

दीवाली पर घर को यूनिक लुक देना है तो खुद बनाकर लगाएं कंदील

👤 Veer Arjun Desk | Updated on:18 Oct 2017 3:22 PM GMT

दीवाली पर घर को यूनिक लुक देना है तो खुद बनाकर लगाएं कंदील

Share Post

दीवाली पर दीयों की सजावट तो बेहद आम है। अगर आप अपने घर में एक यूनिक लुक देना चाहती हैं तो अपने हाथ से तैयार किए हुए कंदील लगाएं। यह बनाने में जितने आसान होते हैं, देखने में उतने ही आकर्षक। साथ ही इसमें समय भी बेहद कम लगता है। आईए जानते हैं तरह−तरह के कंदील बनाने और घर को सजाने के बारे में−
धागे का कंदील
सबसे पहले ग्लू में थोड़ा पानी डालकर उसे ब्रश की सहायता से पतला कर लें। अब एक बड़ा सा धागा अर्थात् सुतली लेकर उसे ग्लू के पानी में भिगोएं। अब एक गुब्बारे को फुलाएं और पेन की सहायता से ऊपरी हिस्से पर एक सर्कल बना लें। अब इस भिगी हुई सुतली को गुब्बारे के ऊपर अच्छे से लपेंटे। इस प्रक्रिया को तीन−चार बार दोहराएं ताकि आपका एक कंदील तैयार हो सके। सुतली को गुब्बारे पर लगाते समय उसे हमेशा निशान से नीचे ही रखें। अब कंदील को मजबूती देने के लिए सुतली के ऊपर भी ग्लू के पानी को ब्रश की सहायता से लगाएं व इसे सूखने दें। थोड़ी देर बाद पेन की दूसरी तरफ से गुब्बारे को हल्का दबाएं ताकि वह हल्का लूज हो जाए व अंत में इसे फोड़ दें। आपका गुब्बारा आसानी से कंदील के बाहर निकल आएगा और आपको सुतली से बना हुआ एक मजबूत व सुंदर कंदील प्राप्त हो जाएगा। अब आप इसे अपने घर पर सजा सकते हैं।
पेपर का कंदील
पेपर का यह कंदील देखने में बेहद खूबसूरत लगता है। इसके लिए आप 15−16 शीट्स को सर्कल की शेप में काटकर बीच में से मोड़ लें। याद रखें कि सभी सर्कल एकसमान हों। अब एक ए 4 शीट लेकर उस पर एक के नीचे एक यह सर्कल शीट ग्लू गन की सहायता से चिपकाएं। सर्कल शीट चिपकाते समय पेपर के आगे व अंत में थोड़ी जगह अवश्य छोड़ें ताकि उसे अंत में आसानी से चिपकाया जा सके। साथ ही शीट के बीच में भी एक उंगली जितना गैप रखें ताकि जब आपका कंदील चिपके तो सारी शीट्स की खूबसूरती निखरकर सामने आए। अंत में शीट का पहला व आखरी हिस्सा चिपका दें। आपका पेपर कंदील तैयार है। आप चाहें तो पेपर कंदील में तरह−तरह के डिजाइन आदि का प्रयोग करके कई तरह के पेपर कंदील बनाकर अपने घर को आसानी से सजा सकते हैं।
पॉपस्टिक कंदील
आईसक्रीम की स्टिक से कंदील बनाना बेहद रोचक आइडिया हो सकता है। बाजार में आपको पॉपस्टिक आसानी से मिल जाएंगे। इसके लिए आप चार पॉपस्टिक लेकर उन्हें ग्लू गन की सहायता से आपस में चिपकाएं। इससे आपको एक वर्ग की आकृति प्राप्त होगी। सारे पॉपस्टिक को इसी तरह चिपकाकर बहुत सारे वर्ग तैयार कर लें। अब इन सभी वर्गाकार पॉपस्टिक को एक के ऊपर रखकर चिपकाते रहें। चिपकाते समय इन्हें हल्का−सा स्लाइड कर लें। इससे अंत में आपको एक बेहतरीन आकृति प्राप्त होगी। अब अंत में आप दो स्टिक इनके बीच लगाएं ताकि आप आसानी से बल्ब लटका सकें। आपका पॉपस्टिक कंदील तैयार है।
मिताली जैन

Share it
Top