Home » धर्म संस्कृति » विशाखापट्टनम टेस्ट : दूसरे दिन का खेल खत्म, भारत मजबूत स्थिति में

विशाखापट्टनम टेस्ट : दूसरे दिन का खेल खत्म, भारत मजबूत स्थिति में

👤 manish kumar | Updated on:4 Oct 2019 7:59 AM GMT

विशाखापट्टनम टेस्ट : दूसरे दिन का खेल खत्म, भारत मजबूत स्थिति में

Share Post

विशाखापट्टनम । भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच विशाखापट्टनम में तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। भारत ने पहली पारी 7 विकेट खोकर 136 ओवर में 502 रन बनाकर घोषित कर दी। जवाब में दक्षिण अफ्रीकी टीम दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 39 रन पर तीन विकेट खो चुकी है। भारत की तरफ से रविचंद्रन अश्विन ने दो और रवींद्र जडेजा ने एक विकेट लिया। इस तरह मेहमान टीम भारत की पहली पारी के आधार पर 463 रन पीछे है।

इस मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट के नुकसान पर 502 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल ने शानदार दोहरा शतक जड़ा। मयंक ने कुल 371 गेंदों का सामना करते हुए 215 रन की पारी खेली, जिसमें उन्होंने 23 चौके और छह छक्के लगाए। वहीं पहली बार बतौर सलामी बल्लेबाज खेलते हुए रोहित शर्मा ने शानदार 244 गेंदों पर 176 रनों की शतकीय पारी खेली। इस दौरान रोहित के बल्ले से 23 चौके और छह छक्के निकले।

मैच के पहले दिन का खेल 59.1 ओवर के बाद 202 रन पर समाप्त हो गया था। खराब रोशनी और फिर बारिश आने की वजह से मैच के पहले दिन का खेल जल्द खत्म करना पड़ा था। दूसरे दिन खेल को आगे बढ़ाते हुए मयंक अग्रवाल और रोहित शर्मा की जोड़ी ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत के लिए सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप कर डाली। मयंक और रोहित ने पहले विकेट के लिए 317 रन की साझेदारी की। इससे पहले वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर ने कानपुर में 218 रन की साझेदारी की थी।

भारत को पहला झटका 317 रन के स्कोर पर लगा। रोहित शर्मा दोहरे शतक से चूक गए और 176 रन के निजी स्कोर पर आउट हुए। रोहित केशव महाराज की गेंद पर क्विंटन डिकॉक के हाथों स्टंप आउट हुए। रोहित ने मयंक के साथ पहले विकेट के लिए 317 रन की साझेदारी की। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे पुजारा 17 गेंदों का सामना कर सिर्फ छह रन ही बना सके। पुजारा को वर्नोन फिलैंडर ने क्लीन बोल्ड किया। भारतीय कप्तान विराट कोहली महज 20 रन बनाकर आउट हुए। विराट का विकेट सेनुरन मुथुसामी ने लिया। इसके बाद अजिंक्य रहाणे भी महज 15 रन ही बना पाए। रहाणे का विकेट केशव महाराज ने लिया। भारत को छठा झटका हनुमा विहारी के रूप में लगा। विहारी 24 गेंदों में 10 रन बनाकर केशव महाराज की गेंद पर आउट हुए। भारत को विकेटकीपर बल्लेबाज रिद्धिमान साहा के रूप सातवां झटका लगा। साहा तेज रन बनाने के चक्कर में 21 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए। साहा का विकेट डेन पीट ने लिया। इसके बाद टीम का स्कोर 500 रन के पार पहुंचते ही टीम इंडिया ने अपनी पारी घोषित कर दी। रवींद्र जडेजा 30 रन बनाकर और आर अश्विन एक रन बनाकर नाबाद रहे। दक्षिण अफ्रीका की ओर से स्पिनर केशव महाराज ने सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए। वर्नोन फिलेंडर, सेनुरन मुथुसामी, डीन एल्गर और डेन पीट को 1-1 विकेट मिला।

जबाज में दूसरे दिन के आखिरी सत्र में बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका के तीन विकेट गिर चुके हैं। साउथ अफ्रीका को पहला झटका 13 रन के कुल स्कोर पर लगा। सलामी बल्लेबाज एडन मार्करम पांच रन बनाकर आर. अश्विन का शिकार बने। अश्विन ने ही दक्षिण अफ्रीका को दूसरा झटका दिया। थियुनिस डि ब्रुएन 25 गेंद पर चार रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद 34 रन के कुल स्कोर पर मेहमान टीम को डेन पीट के रूप में तीसरा झटका लगा। डेन पीट रविंद्र जडेजा की गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए। इस तरह दूसरे दिन का खेल खत्म हो गया है। दक्षिण अफ्रीका का स्कोर तीन विकेट पर 39 रन है। डीन एल्गर 27 और टेम्बा बवुमा 2 रन बनाकर नाबाद हैं।

Share it
Top