Home » धर्म संस्कृति » चैत्र नवरात्रि पर सजे माता के दरबार, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

चैत्र नवरात्रि पर सजे माता के दरबार, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

👤 Veer Arjun | Updated on:2 April 2022 9:30 AM GMT

चैत्र नवरात्रि पर सजे माता के दरबार, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

Share Post

भोपाल। शनिवार को घट स्थापना के साथ नौ दिवसीय चैत्र नवरात्रि की शुरुआत हुई। मध्य प्रदेश में इस पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। कोरोना के चलते दो साल से कोई पर्व नहीं मनाए पाए लोग इस बार आस्था के साथ माता की भक्ति में लीन नजर आ रहे हैं। प्रदेश के सभी प्रसिद्ध देवी माता मंदिरों में सुबह से ही भारी भीड़ उमड़ रही है। माता के मंदिरों में विशेष साज सज्जा की गई है।

राजधानी भोपाल समेत प्रदेशभर में शनिवार को सुबह से चैत्र नवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। कोरोना के कारण दो साल बाद बड़े स्तर पर प्रदेश में सार्वजनिक आयोजन हो रहे हैं। नवरात्र को लेकर मातारानी के मंदिरों में आकर्षक विद्युत साज-सज्जा की गई है। भोपाल शहर के माता मंदिर, जय भवानी मंदिर, मां कालका मंदिर तलैया, महां पहाड़ा वाली मंदिर कोलार, करुणधाम, गुफा सहित सभी देवी मंदिरों में सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिल रही है।

वहीं, देवास में टेकरी पर माताजी के दरबार में फूल बंगला सजाया गया है। भक्तों के लिए परिक्रमा मार्ग पर कालीन भी बिछाया गया है। टेकरी के नीचे हवन प्रारंभ किया गया है। भक्तों के पहुंचने का सिलसिला सुबह से प्रारंभ हो गया था। मां तुलजा भवानी और मां चामुंडा की घटस्थापना सुबह 7-30 से 9 बजे के बीच में हुई। बड़ी माता के दरबार में घटस्थापना पंडित मुकेश नाथ पुजारी द्वारा की गई। वहीं छोटी माताजी के परिसर में पंडित योगेंद्र पुजारी द्वारा घटस्थापना कर पूजा की गई।

मंदिर के सतीश पुजारी ने बताया कि इसके पहले शुक्रवार को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु नर्मदा स्नान के बाद माता के दर्शन करने लिए पहुंचे। कोरोना खत्म होने के बाद इस बार बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। माता टेकरी आने वाले भक्तों के लिए वाहन पार्किंग की उचित व्यवस्था की गई है। यहां डाक्टर और पैरामेडिकल टीम की 24 घंटे तीन शिफ्टों में ड्यूटी पर तैनात हैं। टेकरी पर 24 घंटे एंबुलेंस, व्हीलचेयर और स्ट्रेचर की सुविधा रहेगी। माता टेकरी पर भक्तों की सुरक्षा के लिए पुलिस बल लगाया गया है। गर्मी के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए माता टेकरी पर पीने के पानी की व्यवस्था की गई है।

सतना जिले के मैहर की मां शारदा मंदिर में भी चैत्र नवरात्र के प्रथम दिवस ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालुओं का तांता लग गया और भक्तों ने अपनी मां के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। आज आदिशक्ति मां शारदा को नौ देवियों के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री के रूप में सजाया गया है। सुबह ब्रह्म मुहूर्त में मां की महाआरती मंदिर के मुख्य पुजारी पवन पांडेय दाऊ महाराज द्वारा की गई और आम भक्तों के लिए दर्शन के रास्ते खोल दिए गए। जिसके बाद से ही हजारों श्रद्धालु मां के लगातार दर्शन कर रहे हैं।

मां शारदा के धाम मैहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती सुरक्षा और व्यवस्था बनाने के लिए लगाई गई है। जगह-जगह बैरिकेड लगाकर मंदिर पहुंचने वाले मार्ग बंद कर केवल पैदल और प्रशासनिक व पुलिस वाहनों को ही जाने दिया जा रहा है। शुक्रवार रात से ही पूरे मैहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। इस दौरान 11 सौ पुलिस जवान और 500 से अधिक सीसीटीवी व ड्रोन कैमरों से श्रद्धालुओँ पर नजर रखी जा रही है। नवरात्र के पहले दिन रात्रि तक लगभग तीन लाख भक्तों के मैहर में मां शारदा के दर्शन करने का अनुमान है।

इसी प्रकार दतिया में मां पीतामबरा पीठ, सलकनपुर में माता विन्ध्यवासिनी के मंदिरों में भी सुबह से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और माता के दर्शन कर मन्नते मांग रहे हैं। सभी जगह सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।



Share it
Top