Home » खेल खिलाड़ी » साक्षी, बजरंग की नजरें विश्व चैंपियनशिप में पदक पर

साक्षी, बजरंग की नजरें विश्व चैंपियनशिप में पदक पर

👤 Veer Arjun Desk | Updated on:20 Aug 2017 4:19 PM GMT

साक्षी, बजरंग की नजरें विश्व चैंपियनशिप में पदक पर

Share Post

पेरिस, (भाषा)। ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक और एशियाई चैंपियन बजरंग पूनिया कल से यहां शुरू हो रही विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में में भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगे।

सभी की नजरें रियो ओलंपिक में 58 किग्रा वर्ग की रजत पदक विजेता साक्षी पर टिकी होंगी जिन्होंने एक भार वर्ग उढपर चढ़ते हुए मई में एशियाई चैंपियनशिप के 60 किग्रा वर्ग में रजत पदक जीता था।
साक्षी ने इसी वर्ग में चैंपियनशिप के लिए द्रालीफाई किया है और महिलाओं के वर्ग में वह जब गुरुवार को मैट पर उतरेंगी तो उनकी नजरें स्वर्ण पदक पर टिकी होंगी।
एशियाई चैंपियनशिप की एक अन्य रजत पदक विजेता विनेश फोगाट महिला 48 किग्रा वर्ग में चुनौती पेश करेंगी। रियो ओलंपिक के दौरान लगी चोट के बाद वापसी करते हुए विनेश ने एशियाई चैंपियनशिप में 55 किग्रा वर्ग में हिस्सा लिया था लेकिन उन्होंने 48 किग्रा वर्ग में ही हिस्सा लेने का फैसला किया है।
विनेश के अलावा कोई भी फोगाट बहन विश्व चैंपियनशिप का हिस्सा नहीं है। गीता और बबिता ने ट्रायल में हिस्सा नहीं लिया जबकि रितु और संगीता द्रालीफाई करने में नाकाम रही।
इस बीच पुरुष फ्रीस्टाइल में बजरंग की नजरें भी स्वर्ण पदक पर होंगी। उन्होंने 2013 में बुडापेस्ट विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था। वह एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहे थे। बुडापेस्ट में हालांकि बजरंग ने 60 किग्रा वर्ग में हिस्सा लिया था जबकि अब वह 65 किग्रा वर्ग में शिरकत करते हैं।
बजरंग ने यहां 12 अगस्त को विशेष चयन ट्रायल में राहुल मान को 10-0 से हराकर विश्व चैंपियनशिप में जगह बनाई है।

Share it
Top