Home » खेल खिलाड़ी » रवि शास्त्री, कोहली और अश्विन के साथ ब्रावो ने सुरीले अंदाज में दी धोनी को जन्मदिन की शुभकामनाएं

रवि शास्त्री, कोहली और अश्विन के साथ ब्रावो ने सुरीले अंदाज में दी धोनी को जन्मदिन की शुभकामनाएं

👤 mukesh | Updated on:7 July 2020 9:10 AM GMT

रवि शास्त्री, कोहली और अश्विन के साथ ब्रावो ने सुरीले अंदाज में दी धोनी को जन्मदिन की शुभकामनाएं

Share Post

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आज अपना 39वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस अवसर पर आईपीएल में धोनी के नेतृत्व वाली चेन्नई सुपर किंग्स के हरफनमौला खिलाड़ी ड्वेन ब्रावो ने एक खास अंदाज में उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है। वहीं, भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच रवि शास्त्री, कप्तान विराट कोहली और अनुभवी स्पिन गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन ने उन्हें बधाई दी है।

ब्रावो ने धोनी के क्रिकेटिंग करियर को दर्शाता एक गाना 'हेलीकॉप्टर 7' शीर्षक से रिलीज किया है,जिसके बोल "धोनी नम्बर सेवन,दिस किड फ्रॉम रांची,ही मेक इंडिया प्राउड,क्रिएट हिस्ट्री" है।

चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर ब्रावो का यह गाना शेयर किया है। गाने में ब्रावो ने धोनी के अब तक के क्रिकेट करियर को रेखांकित किया है। उन्होंने गाने में धोनी के नेतृत्व में भारतीय टीम द्वारा हासिल की गई सभी उपलब्धियों को दर्शाया है।

ब्रावो ने गाने के वीडियो में विकेटकीपर बल्लेबाज धोनी के कुछ पुराने फुटेज का इस्तेमाल किया है। ब्रावो ने वीडियो में 2005 में पाकिस्तान के खिलाफ तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए धोनी के पहले शतक को दर्शाया है और यह मौका देने के लिए उन्होंने तत्कालीन कप्तान सौरव गांगुली का शुक्रिया भी अदा किया है।

ब्रावो के इस गाने को लोग खूब पसंद कर रहे हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के इस गाने को शेयर करने के कुछ देर बाद ही ये वायरल हो गया। सोशल मीडिया पर लाखों लोग अब तक इस गाने को देख और शेयर कर चुके हैं। क्रिकेट में कई कीर्तिमान रचने वाले ब्रावो संगीत जगत में भी कामयाबी की नई इबारत लिख रहे हैं। इससे पहले ब्रावो ने 'डीजे ब्रावो' नाम का गाना कम्पोज़ किया था, जिसे लोगों ने खूब पसंद किया था।

कोहली ने धोनी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट किया, "जन्मदिन की हार्दिक बधाई माही भाई। आपको अच्छे स्वास्थ्य और खुशी की शुभकामनाएं। भगवान आप पर हमेशा अपना आशीर्वाद बनाये रखे।"

भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच रवि शास्त्री ने ट्वीट किया, "हैप्पी बर्थडे यंगस्टर! ए ब्लास्ट लीजेंड!"

अश्विन ने ट्वीट किया, "अपनी सेना और शत्रु रेखाओं से परे सेना के लिए प्रेरणा। इससे बेहतर लाइन माही के लिए नहीं हो सकती। जन्मदिन मुबारक हो माही भाई। हम सभी को प्रेरित करना जारी रखें।'

धोनी ने अब तक श्रीलंका के खिलाफ अपने सर्वोच्च स्कोर 183 के साथ 350 एकदिवसीय मैच खेले हैं। वह सभी प्रमुख आईसीसी ट्रॉफी (50 ओवर विश्व कप, टी 20 विश्व कप, और चैंपियंस ट्रॉफी) जीतने वाले एकमात्र कप्तान भी हैं।

धोनी ने दुनिया भर में सबसे बेहतरीन विकेटकीपरों में से एक के रूप में अपनी जगह बनाई है। स्टंप के पीछे उनकी चपलता ने भारत को कई सफलता दिलाई है।

दिसंबर 2014 में, धोनी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की और रिद्धिमान साहा के लिए टीम में आने का दरवाजा खोल दिया। धोनी ने भारत के 90 टेस्ट मैच खेले हैं,जिसमें उन्होंने 38.09 के औसत से 4,876 रन बनाए हैं। (एजेंसी, हि.स.)

Share it
Top