Home » खेल खिलाड़ी » हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर का सम्मान आज मुख्यमंत्री शिवराज करेंगे

हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर का सम्मान आज मुख्यमंत्री शिवराज करेंगे

👤 Veer Arjun | Updated on:12 Aug 2021 6:13 AM GMT

हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर का सम्मान आज मुख्यमंत्री शिवराज करेंगे

Share Post

भोपाल। टोक्यो ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ी विवेक सागर को आज भोपाल के मिंटो हॉल में सम्मान किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री शिवराज दोपहर 12:30 बजे उन्हें सम्मानित करेंगे।

उल्लेखनीय है कि टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारतीय हॉकी टीम के सदस्य के रूप में शामिल श्री विवेक सागर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अर्जेंटीना के विरुद्ध गोल किया था, जिसके फलस्वरूप भारतीय टीम पहले क्वार्टर फाइनल और बाद में सेमीफाइनल में पहुंच सकी। भारत को कांस्य पदक भी प्राप्त हुआ।

विवेक सागर होशंगाबाद जिले की इटारसी तहसील के ग्राम शिवनगर चांदौन में मध्यम वर्गीय परिवार में जन्मे हैं। इनके पिता श्री रोहित प्रसाद शिक्षक हैं। विवेक सागर ने वर्ष 2018 में फोर नेशंस टूर्नामेंट, कॉमनवेल्थ गेम्स, चैम्पियन ट्राफी, यूथ ओलंपिक, न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज, एशियन गेम्स तथा वर्ष 2019 में अजलान शाह हॉकी टूर्नामेंट, आस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज और फाइनल सीरीज भुवनेश्वर जैसी अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। एशियाड 2018 में भारत को कांस्य पदक दिलाने वाली भारतीय टीम में शामिल मिडफिल्डर हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर 62 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। साथ ही सागर को वर्ष 2018 में मध्यप्रदेश शासन ने एकलव्य अवार्ड से सम्मानित भी किया है।

हर कार्यकाल में मुख्यमंत्री ने की खिलाड़ियों की हौसला अफजाई

मध्यप्रदेश शासन की ओर से विवेक सागर को सम्मान निधि भी प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री चौहान ने विवेक सागर को सम्मान स्वरूप एक करोड़ रुपए की राशि देने का घोषणा की है। मध्यप्रदेश में हॉकी अकादमी के माध्यम से पुरुष और महिला हॉकी खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए अनेक कदम उठाए गए हैं। पूर्व में चौहान अपने मुख्यमंत्री पद के प्रथम कार्यकाल में भारतीय महिला हॉकी टीम को अपने निवास पर भी सम्मानित कर चुके हैं। चौहान ने इसी सप्ताह टोक्यो ओलंपिक में गई भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ियों को मध्यप्रदेश सरकार की तरफ से 31-31 लाख रूपए देने की घोषणा की है। मध्यप्रदेश महिला हॉकी अकादमी में प्रशिक्षित खिलाड़ियों ने टोक्यो ओलंपिक के पहले रियो ओलंपिक में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया था। बीते वर्षों में खेलों और खिलाड़ियों के विकास के लिए मध्यप्रदेश सरकार ने अनेक सुविधाएँ विकसित की हैं। हाल ही में प्रदेश के अनेक स्थानों पर हॉकी मैदान में टर्फ बिछाने के कार्य की पहल भी की गई है।

कोच भी होंगे सम्मानित, अनेक खिलाड़ी रहेंगे मौजूद

मुख्यमंत्री चौहान 12 अगस्त को भारतीय हॉकी टीम के प्रशिक्षक श्री अशोक कुमार, सहायक कोच शिवेन्द्र सिंह को भी सम्मानित करेंगे। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रदेश के विभिन्न खेलों के प्रतिभावान और प्रशिक्षु के साथ ही विभिन्न खेलों के अनेक पदक प्राप्त खिलाड़ी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।

मध्यप्रदेश में प्रत्येक खेल को प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री चौहान का मानना है कि श्री विवेक सागर ने मध्यप्रदेश का यश बढ़ाया है। प्रदेश में खिलाड़ियों के प्रोत्साहन की नीति के कारण अनेक प्रतिभाएँ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने खिलाड़ियों को भरपूर प्रोत्साहन दिया है। इसी क्रम में भारतीय पुरुष हॉकी टीम द्वारा टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने पर टीम को बधाई देते हुए टीम के श्री विवेक सागर सहित मध्यप्रदेश हाकी अकादमी के नीलकांता शर्मा को सम्मान निधि के रूप में एक-एक करोड़ रूपये का पुरस्कार प्रदान करने की घोषणा की थी। इसका त्वरित अमल भी हो रहा है।

चौहान का मानना है कि टोक्यो ओलंपिक में प्राप्त कांस्य पदक केवल पदक ही नहीं है, अपितु भारतीय हॉकी का पुनर्जागरण है। भारतीय हॉकी टीम ने दुनिया की श्रेष्ठ टीमों न्यूजीलैंड, स्पेन, अर्जेंटीना, ग्रेट ब्रिटेन, जर्मनी, जापान को परास्त कर यह सम्मान प्राप्त किया है। मध्यप्रदेश के लिए विशेष रूप से यह गर्व की बात है। नीलकांता भी मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी से चयनित होकर गए थे। मुख्यमंत्री चौहान ने राज्य सरकार द्वारा टोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता संपूर्ण हॉकी टीम का भी सम्मान और स्वागत करने की घोषणा की है। मध्यप्रदेश में 18 खेल अकादमियाँ संचालित हैं। गाँवों की खेल प्रतिभाओं को भी प्रोत्साहित किया गया है।

Share it
Top