Home » खेल खिलाड़ी » IPL 2022: प्ले-ऑफ की दौड़ से बाहर हुई सीएसके, मुम्बई ने पांच विकेट से हराया

IPL 2022: प्ले-ऑफ की दौड़ से बाहर हुई सीएसके, मुम्बई ने पांच विकेट से हराया

👤 mukesh | Updated on:12 May 2022 6:59 PM GMT

IPL 2022: प्ले-ऑफ की दौड़ से बाहर हुई सीएसके, मुम्बई ने पांच विकेट से हराया

Share Post

मुम्बई। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 (Indian Premier League (IPL) 2022) के 59वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians- MI) ने चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings- CSK) को पांच विकेट से हरा दिया। इस शिकस्त के साथ ही CSK प्ले-ऑफ की रेस से बाहर हो गई। पहले खेलते हुए CSK सिर्फ 97 पर ही सिमट गई। जवाब में MI ने पांच विकेट खोकर लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा किया। IPL 2022 में MI की यह तीसरी जीत है।

डेनियल सैम्स की घातक गेंदबाजी के चलते CSK ने पॉवरप्ले तक अपने शुरुआती पांच विकेट खो दिए। मुश्किल परिस्थितियों में कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी ने 33 गेंदों में नाबाद 36 रनों की पारी खेली लेकिन टीम के विकेटों के गिरने का क्रम जारी रहा। CSK की पूरी टीम 16 ओवर में सिमट गई। जवाब में MI ने 33 के स्कोर तक अपने चार विकेट गंवा दिए। हालांकि, तिलक वर्मा ने 32 गेंदों में नाबाद 34 रन बनाकर जीत दिला दी।

पॉवरप्ले के बाद CSK ने 32 के स्कोर तक अपने पांच विकेट खो दिए। मौजूदा सीजन में CSK शुरुआती छह ओवरों में पांच विकेट गंवाने वाली पहली टीम बन गई है। यह तीसरा मौका है जब CSK की टीम ने पॉवरप्ले में MI के खिलाफ पांच विकेट गंवाए हों। इससे पहले 2020 और 2021 में भी ऐसा हो चुका है। CSK ने IPL इतिहास में अपना दूसरा सबसे कम टीम स्कोर (97) दर्ज किया है।

MI के तेज गेंदबाज डेनियल सैम्स ने अपने चार ओवरों में 16 रन देकर तीन विकेट झटके। सैम्स ने अपने तीनों विकेट पॉवरप्ले के अंदर ही हासिल किए। वह पॉवरप्ले में तीन विकेट लेने वाले MI के चौथे गेंदबाज हो गए हैं। सैम्स ने आज 18 डॉट गेंदे की। IPL 2022 में किसी एक मैच में उनसे ज्यादा डॉट गेंदे सिर्फ उमरान मलिक (19) और हर्षल पटेल (19) ने की हैं।

बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी ने अपने चार ओवरों में 23 रन देकर विकेट अपने नाम किए। उन्होंने अपनी स्विंग गेंदबाजी से प्रभावित किया और MI के शीर्षक्रम को बड़े झटके दिए। मुकेश ने IPL 2022 में पॉवरप्ले के दौरान 11 विकेट ले लिए हैं और वह शुरुआती छह ओवरों में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उनके बाद इस सूची में फिलहाल मोहम्मद शमी (10) हैं।

Share it
Top