Home » उत्तराखंड » संयुक्त अभियान में फंसे व्यक्ति का सफल रेस्क्यू

संयुक्त अभियान में फंसे व्यक्ति का सफल रेस्क्यू

👤 Veer Arjun Desk 3 | Updated on:27 April 2019 1:42 PM GMT
Share Post


रुद्रप्रयाग, वीर अर्जुन संवाददाता। देवरियाताल से मिनी स्विटजरलैंड चोपता पैदल ट्रेक पर गया लुधियाना निवासी एक व्यक्ति रास्ता भटक गया। रास्ता भटकने के बाद उसने किसी तरह सूचना पुलिस तक पहुंचाई और ऊखीमठ थाने से पुलिस व तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम व्यक्ति की ढूंढखोज में निकली। 22 किमी लम्बे ट्रेक और घने जंगलों के बीच युवक का सफल रेस्क्यू किया गया। दरअसल, शुक्रवार को पंजाब के लुधियाना सिटी निवासी 26 वर्षीय प्रभु सिमरन देवरियाताल से मिनी स्विटजरलैंड चोपता पैदल ट्रेक पर निकला। ट्रेकिंग के दौरान वह रास्ता भटक गया, जिस कारण घने जंगलों के बीच फंस गया। युवक प्रभु सिमरन ने किसी तरह पुलिस से सम्पर्क किया, जिसके बाद पुलिस व तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम युवक की ढूंढखोज में निकली। टीम के अथक प्रयासों के बाद देर रात्रि दो बजे के करीब युवक का सफल रेस्क्यू किया गया, जिसके बाद उसे ऊखीमठ थाना लाया गया। पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि युवक के सूचना देने के बाद तेजी से रेस्क्यू कार्य किया गया। पुलिस की टीम घने जंगलों के बीच होकर युवक तक पहुंची और देर रात को युवक की खोज पूरी हुई। टीम में तहसीलदार श्रेष्ठ गुनसोला, उप निरीक्षक मुकेश थलेड़ी, आरक्षी रियाज अली, आरक्षी शहबान अली सहित डीडीआरएफ के जवान शामिल थे।

Share it
Top