Home » उत्तर प्रदेश » अयोध्या से आये रथ के साथ श्रीराम विजयदशमी शोभायात्रा निकाली गयी

अयोध्या से आये रथ के साथ श्रीराम विजयदशमी शोभायात्रा निकाली गयी

👤 manish kumar | Updated on:8 Oct 2019 10:58 AM GMT

अयोध्या से आये रथ के साथ श्रीराम विजयदशमी शोभायात्रा निकाली गयी

Share Post

लखनऊ । अयोध्या से आये रथ के साथ दशहरा के दिन श्रीराम विजयदशमी शोभायात्रा निकाली गयी। शोभायात्रा 1090 चौराहे के निकट प्रतीक स्थल से शुरू होकर शहर के विभिन्न चौराहे से होती हुई पुनः प्रतीक चौराहे पर समाप्त हुई। इस शोभायात्रा में शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों, वैचारिक व समवैचारिक संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के हुजुम के उमड़ने से शोभायात्रा ऐतिहासिक हो गयी।

दशहरा के दिन सुबह सात बजे राष्ट्रीय पर्व एवं उत्सव समिति एवं श्रीराम विजयादशमी शोभायात्रा समिति के पदाधिकारी की ओर से पवित्र रथ की आरती हुईं। शोभायात्रा के लिए लाये गये इस रथ पर राम दरबार, शिव परिवार, श्री गणेश, रामभक्त हनुमान को विराजमान रहे। शोभायात्रा में आये लोगों के वाहनों के पंजीकरण के लिए हजारों की संख्या में लोगों को प्रतीक स्थल के सामने एकत्रित किया गया था।

शोभायात्रा में पवित्र रथ को सुबह 10 बजे के करीब एकत्रित लोगों के बीच लाया गया और समिति के पदाधिकारी रथ को लेकर आगे बढ़ने लगे। जय श्रीराम के नारे लगाते हुए एकत्रित लोग पीछे चल रहे थे। यह शोभायात्रा प्रतीक स्थल से शुरु हुई तो शहीद मनोज पांडेय चौराहा, पत्रकारपुरम् चौराहा, हनीमैन चौराहा, कठौता चौराहा, चिनहट तिराहा, पॉलिटेक्निक चौराहा, आम्रपाली चौराहा, खुर्रम नगर चौराहा टेढ़ी पुलिया, इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहा, राम राम बैंक चौराहा, पुरनिया चौराहा, आईटी चौराहा, परिवर्तन चौक, दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर, हजरतगंज चौराहा से होते हुए मुख्यमंत्री आवास चौराहा से 1090 चौराहा के समीप प्रतीक स्थल आकर समाप्त हुआ।

शोभायात्रा के शहर के अलग-अलग चौराहों पर पहुंचने पर उसका स्वागत स्थानीय लोगों ने फूलों से किया। जगह-जगह पर महिलाओं ने रथ की आरती की और विधि विधान से पूजन किया। इस दौरान शहर के कई गणमान्य लोग व नेतागण मौजूद रहें। एजेंसी/हिस

Share it
Top