Home » उत्तर प्रदेश » उपचुनाव में हार के बाद बोले अखिलेश , विकास के लिए रहेंगे वचनबद्ध

उपचुनाव में हार के बाद बोले अखिलेश , विकास के लिए रहेंगे वचनबद्ध

👤 mukesh | Updated on:11 Nov 2020 9:03 AM GMT

उपचुनाव में हार के बाद बोले अखिलेश , विकास के लिए रहेंगे वचनबद्ध

Share Post

लखनऊ। प्रदेश में विधानसभा की रिक्त हुई सात सीटों पर हुए उपचुनाव में समाजवादी पार्टी भले ही महज एक जगह जीतने में कामयाब हुई हो। लेकिन पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इसके लिए मतदाताओं का आभार जताया है।

अखिलेश ने बुधवार को ट्वीट किया कि उपचुनावों में समर्थन देने वाले सभी मतदाताओं का हार्दिक धन्यवाद। उन्होंने कहा कि विकास के लिए हम निरंतर वचनबद्ध रहेंगे। उपचुनाव में सपा अपनी इकलौती सीट मल्हनी बचाने में कामयाब हुई है। यहां उसके उम्मीदवार लकी यादव ने निर्दलीय धनंजय सिंह को कड़े मुकाबले में हराकर 4,632 मतों से जीत हासिल की। यहां सपा उम्मीदवार को 73,468 और धनंजय सिंह को 68,836 वोट मिले। सपा उम्मीदवार ने 35.45 प्रतिशत और धंनजय सिंह ने 33.22 प्रतिशत मत हासिल किए।

अगर उपचुनाव में सपा को मिले कुल वोट और मत प्रतिशत की बात करें तो 23.61 प्रतिशत मत हासिल करके वह दूसरे स्थान पर रही। इसके बाद बसपा को 18.97 प्रतिशत वोट मिले। जबकि कांग्रेस मात्र 7.53 प्रतिशत वोट हासिल कर पायी। अन्य के हिस्से में 11.36 प्रतिशत मत आए। उपचुनाव में भाजपा को सबसे अधिक 36.73 प्रतिशत मत मिले।

इसके साथ ही अगर कुल मतों की बात करें तो भाजपा को 4,77,645 मत मिले। सपा के पक्ष में 3,07,050 मतदाताओं ने वोट दिया। बसपा को 2,46,618 मत मिले। कांग्रेस उम्मीदवारों को कुल 97,982 मत प्राप्त हुए। जबकि अन्य के हिस्से में कुल 1,47,668 मत आए।

उपचुनाव की सीत सीटों पर सपा के प्रदर्शन पर नजर डालें तो अमरोहा जनपद की 40-नौगांव सदात से भाजपा उम्मीदवार संगीता चौहान ने सपा के जावेद अब्बास को 15,077 मतों से जीत हासिल की। इस सीट पर भाजपा उम्मीदवार को 41.72 प्रतिशत और सपा उम्मीदवार को 34.46 मत मिले।

जनपद बुलन्दशहर की 65-बुलन्दशहर सीट पर सपा ने रालोद को समर्थन किया था। लेकिन, यहां रालोद उम्मीदवार प्रवीण कुमार सिंह महज 7,286 वोट ही हासिल कर सके। उन्हें मात्र 3.6 प्रतिशत वोट मिले। इसी तरह फिरोजाबाद की सुरक्षित सीट 95-टूंडला (सुरक्षित) से भाजपा उम्मीदवार प्रेमपाल सिंह धनगर ने और सपा के महाराज सिंह धनगर को 17,683 मतों से हराया। इस सीट पर भाजपा को 40.24 प्रतिशत और सपा को 30.49 फीसदी वोट मिले।

उन्नाव की 162-बांगरमऊ सीट पर सपा के सुरेश कुमार पाल को कुल 35,322 वोट मिले। यहां मतों का प्रतिशत 20.28 रहा। यहां सपा तीसरे स्थान पर रही। कानपुर नगर की 218-घाटमपुर (सुरक्षित) सीट पर सपा के इन्‍द्र जीत कोरी ने 22,735 मत और 14.44 मत प्रतिशत हासिल किए। यहां पार्टी चौथे स्थान पर रही।

देवरिया की सदर विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी ने सपा प्रत्याशी ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी को 20,089 मतों से हराया। यहां भाजपा को यहां 40.42 प्रतिशत और सपा को 28.6 प्रतिशत वोट मिले। (एजेंसी, हि.स.)

Share it
Top