Home » मध्य प्रदेश » राहुल गांधी रणछोड़दास, अमेठी से चले गए वायनाडः शिवराज

राहुल गांधी रणछोड़दास, अमेठी से चले गए वायनाडः शिवराज

👤 mukesh | Updated on:13 April 2024 8:22 PM GMT

राहुल गांधी रणछोड़दास, अमेठी से चले गए वायनाडः शिवराज

Share Post

- कांग्रेस की सर्वोच्च नेता ने मैदान छोड़ दिया

भोपाल (Bhopal)। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि इंदिरा गांधी रायबरेली से चुनाव लड़ती थी, लेकिन अब कांग्रेस की सर्वश्रेष्ठ नेता मैडम सोनिया गांधी ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है, क्योंकि उन्हें पता है कि हम हारने वाले हैं। अमेठी से अब राहुल गांधी भी चुनाव नहीं लड़ रहे हैं, न प्रियंका गांधी लड़ रही है। जो नेता देशभर में चुनाव जीताने के लिए जाता है वो खुद ही मैदान छोड़कर भाग गए, रणछोड़दास अमेठी से वायनाड चले गए।

पूर्व मुख्यमंत्री चौहान शनिवार को विदिशा लोकसभा में कार्यकर्ता सम्मेलनों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ये कैसी पार्टी है जिसके नेताओं में चुनाव लड़ने का ही दम नहीं है। अब जिस कांग्रेस की ये दुर्गति हो गई हो उस कांग्रेस से कोई आशा ही नहीं कर सकते हैं। कांग्रेस भ्रष्टाचार के रिकॉर्ड बनाती है। अब पाप करोगे तो सजा तो मिलेगी। कांग्रेस के राज में कितने ही भ्रष्टाचार कर लो कार्रवाई नहीं होती थी लेकिन अब मोदी जी के राज में जेल जा रहे हैं, गड़बड़ करोगे तो जेल तो जाना पड़ेगा।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैं भारत का रहने वाला हूं, भारत की बात सुनाता हूं। उन्होंने कहा कि हमारा देश आगे बढ़ रहा है। कभी स्वामी विवेकानंद ने कहा था, वो शब्द मेरे कानों में आज भी गूँजते हैं। उनका नाम भी नरेंद्र था उन्होंने कहा था “सुदीर्घ रजनी” समाप्त हुई जान पड़ती है, महानिशा का अंत निकट है. जो अंधे हैं वो देख नहीं सकते, जो बहरे हैं वो सुन नहीं सकते, लेकिन में स्पष्ट रूप से देख रहा हूँ कि भारत माता एक बार फिर से अंगड़ाई लेकर खड़ी हो रही है और विश्व गुरु के पद पर आसीन हो रही है। उन्होंने कहा कि, अब सौ साल बाद नरेन्द्र मोदी ये सपना पूरा कर रहे हैं। भाजपा सरकार में गरीबों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है, उज्जवला योजना के तहत गैस कनेक्शन दिए जा रहे हैं। किसान सम्मान निधि, गरीबों को पक्के मकान दिए जा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी ने जो कहा वो सब हो रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अद्भुत काम किए हैं। उनके नेतृत्व में देश का चौतरफा विकास हो रहा है। कांग्रेस की सरकार में दुनिया में कहीं भी भारत का मान-सम्मान नहीं था लेकिन 2014 के बाद से विश्व भर में भारत का डंका बजा है। दुनिया के कोने-कोने में मोदी-मोदी के नारे लगते हैं। ये सम्मान केवल मोदी का नहीं बल्कि 140 करोड़ भारतवासियों का सम्मान है। मोदी भारत को इतनी उंचाई पर ले गए कि, सारी दुनिया कहती है कि, भारत के बिना हमारा काम नहीं चल सकता। मुझे पूरा विश्वास है कि, मोदी के नेतृत्व में ही विकसित भारत का निर्माण होगा और भारत विश्व गुरू बनेगा।

पूर्व सीएम शिवराज ने शनिवार को रासयेन जिले के खंडेरा माता मंदिर पहुंचकर देवी दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर देश व प्रदेशवासियों के मंगल, कल्याण और खुशहाली की कामना की। उन्होंने विदिशा संसदीय क्षेत्र की सांची विधानसभा और सिलवानी विधानसभा में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मंच पर बैठे नेता थोड़ी चुनाव लड़ते हैं, मंच पर बैठे नेता तो मंदिर के कलश की तरह होते हैं, लेकिन ये कलश जिन दीवारों पर और दीवार जिस नीव के पत्थर पर टिकी है वो नीव के पत्थर हमारे कार्यकर्ता हैं। ये दिन रात मेहनत करते हैं। इसलिए ऐसे कार्यकर्ता पर मैं फूलों की वर्षा करता हूं, भाजपा के ऐसे कार्यकर्ता साथियों को प्रणाम करता हूं।

Share it
Top