Home » मध्य प्रदेश » मुख्यमंत्री का मुरैना और दतिया में किया रोड शो, कहा- कांग्रेस पर जमकर बोला हमला

मुख्यमंत्री का मुरैना और दतिया में किया रोड शो, कहा- कांग्रेस पर जमकर बोला हमला

👤 mukesh | Updated on:3 May 2024 8:50 PM GMT

मुख्यमंत्री का मुरैना और दतिया में किया रोड शो, कहा- कांग्रेस पर जमकर बोला हमला

Share Post

मुरैना/दतिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार देर शाम को भिंड लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी संध्या राय के समर्थन में दतिया में रोड के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार के चुनाव कांग्रेस के पापों को सबक सिखाने का चुनाव है। कांग्रेस पार्टी ने 70 सालों तक पाप किए। इनके माथे पर कई कलंक हैं। कांग्रेस ने आजादी के बाद से 70 सालों तक देश में शासन चलाया, लेकिन वे देश की समस्याओं को खत्म नहीं कर पाए। भगवान श्रीराम खुले आसमान के नीचे विराजमान रहे, लेकिन कांग्रेस ने श्रीराम मंदिर को लेकर हमेशा से देश के हिन्दू और मुसलमानों को लड़ाने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि तीन तलाक के मुद्दे को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी लागू नहीं करवा पाए। कांग्रेस की मानसिकता हमेशा से वोट बैंक की रही है। कांग्रेस हमेशा से श्रीराम मंदिर निर्माण में अड़ंगे लगाती रही और जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्रीराम मंदिर निर्माण करवाया तो वे श्रीरामलला की प्राण-प्रतिष्ठा का निमंत्रण ठुकरा दिया और अब प्रदेश की जनता ही कांग्रेस को ठुकराएगी। कांग्रेस और उसके घमंडिया गठबंधन के लोग भी शामिल नहीं हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दतिया के विकास में कोई कमी नहीं रही। हर तरफ विकास ही विकास नजर आता है। यहां पर मां पिताम्बरा माई की ऐसी कृपा है कि जो काम उज्जैन में नहीं हुए, उससे पहले दतिया में हो गए हैं। यहां पर मेडिकल कॉलेज बन गया, उज्जैन में अब बनेगा। यहां परउद्योग, कॉलेज सहित कई अन्य सौगातें भी दी गई हैं। यहां की बड़ी-बड़ी बिल्डिंग बताती हैं कि दतिया का परिदृश्य पूरी तरह बदल गया है।

उन्होंने कहा कि इस देश के नागरिकों का 2014 में पहला वोट पड़ा तो देश से आतंकवाद खत्म हो गया, दूसरा वोट पड़ा तो भगवान श्रीराम गर्भगृह में मुस्कुरा रहे हैं। भव्य मंदिर का निर्माण हो रहा है और अब तीसरी बार वोट पड़ेगा तो भारत दुनिया का सबसे शक्तिशाली देश बनेगा। अबकी बार तीसरी बार सरकार बनाना है, क्योंकि भारत को शक्तिशाली बनाना है, सनातन धर्म की जय-जयकार पूरी दुनिया में करवाना है, दुनिया में मानवता की पुनर्स्थापना और भारत का मान-सम्मान बढ़ाना है। इसके लिए भाजपा को जीतना जरूरी है। अबकी बार-400 पार लाना है।

देश को विकसित राष्ट्र बनाने, भारत माता के गौरव को परम वैभव पर पहुंचाने, भारत को फिर से विश्व गुरु के आसन पर विराजित करने के संकल्पों की पूर्ति के लिए नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के आह्वान के साथ मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुरैना और दतिया में पार्टी के लोकसभा प्रत्याशियों के समर्थन में शुक्रवार को रोड शो किया।

मुरैना में फूलों से पट गई सड़कें

मुरैना में मुख्यमंत्री का रोड शो श्रीराम जानकी मंदिर, जीवाजी गंज, अग्रसेन पार्क, वेयरहाउस, गोपीनाथ की पुलिया, महामाया मंदिर होते हुए सदर बाजार, हनुमान चौराहा, पुल चौराहा, पुरानी कलेक्ट्रेट होकर स्व. जहार सिंह काका प्रतिमा से बिस्मिल संग्रहालय पहुंचकर संपन्न हुआ। रोड शो मार्ग में मंच बनाकर स्थानीय लोगों, सामाजिक और व्यापारिक संगठनों ने मुख्यमंत्री व रथ पर सवार नेताओं का भव्य स्वागत किया। स्थान-स्थान पर स्वागत मंचों के साथ लोगों ने अपने-अपने घरों की छतों और खिड़कियों से पुष्पवर्षा कर रोड शो का भव्य स्वागत किया है।

इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ रथ पर मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, भाजपा प्रत्याशी शिवमंगल सिंह तोमर, जिला अध्य क्ष डॉ. योगेशपाल गुप्ता, बलवीर दण्डौतिया सवार थे। रोड शो के पूरे रास्ते में मुख्यमंत्री डॉ. यादव के रथ पर पुष्प वर्षा होती रही और सड़कें फूलों से पट गईं। पूरे रास्ते में अनेक स्थानों पर मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया, वहीं मुख्यमंत्री ने भी जनता जनार्दन को पुष्प अर्पित कर अभिवादन किया। इस दौरान ’अबकी बार, 400 पार’ और भाजपा जिंदाबाद के नारे गूंजते रहे।

दतिया में रोड शो के दौरान भगवा हुई सड़कें

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भाजपा की लोकसभा प्रत्याशी संध्या राय के समर्थन में शुक्रवार को दतिया में पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के साथ रोड शो किया। मुख्यमंत्री का रोड शो माँ पीताम्बरा मंदिर में दर्शन के उपरांत शुरू हुआ और नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए किला चौक पहुंचा। लगभग दो किलोमीटर के इस रोड शो में मुख्यमंत्री ने खुले रथ पर सवार होकर जनता का अभिवादन किया और पार्टी प्रत्याशी के लिए आशीर्वाद मांगा। रोड शो के दौरान यात्रा मार्ग की दोनों तरफ की सड़कें भगवामय नजर आईं। लोगों ने सड़क के दोनों ओर से पुष्पवर्षा कर भाजपा जिंदाबाद के नारों के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। समाज के हर वर्ग के पुरुष, महिलाएं, युवा और बुजुर्ग मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए मौजूद रहे।

Share it
Top