Home » मध्य प्रदेश » मुख्यमंत्री शिवराज ने भोपाल में किया रोड शो, लोगों ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत

मुख्यमंत्री शिवराज ने भोपाल में किया रोड शो, लोगों ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत

👤 mukesh | Updated on:29 Jun 2022 8:53 PM GMT

मुख्यमंत्री शिवराज ने भोपाल में किया रोड शो, लोगों ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत

Share Post

कांग्रेस आयी तो भोपाल का विकास अवरूद्ध होगाः शिवराज

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) ने बुधवार देर शाम भोपाल में महापौर प्रत्याशी मालती राय (Mayor candidate Malti Rai) और पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन (Councilor candidates support) में नरेला विधानसभा के विभिन्न वार्डो में रोड शो (road show) कर जनता का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा ने भोपाल का विकास किया है। कांग्रेस का विकास से कोई नाता नहीं है। अगर गलती से कांग्रेस आ गयी तो भोपाल का विकास रूक जाएगा। रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री का जगह-जगह आम जनता ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।

रोड शो के दौरान कई स्थानों पर योजना के लाभान्वित हितग्राही 'मुख्यमंत्री जी का आभार' लिखी हुई तख्तियां अपने हाथों में लिए स्वागत के लिए खडे थे। चौक, चौराहे पार्टी के झंडे-बैनर से सजे हुए थे और कार्यकर्ता हाथों में पार्टी का झंडा लिए भाजपा जिंदाबाद के नारे लगाते हुए आगे चल रहे थे। कार्यकर्ता रोड शो में पुष्पवर्षा करते हुए भोपाल की मालती राय के नारे लगा रहे थे। रोड शो में उत्सवी माहौल था। ढोल, मंजीरे, ताशों की आवाज के साथ कार्यकर्ता नाचते हुए रोड शो में चल रहे थे। मुख्यमंत्री जब वार्ड की गलियों से निकले तो हर कोई उन्हें देखने के लिए घर के छज्जों और बालकनी में खड़े थे। कई स्थानों पर हाथों में पूजन थाली लिए हुए लाडली लक्ष्मियां ने मुख्यमंत्री की आरती उतारकर स्वागत किया।

भाजपा सरकार ने दी भोपाल को कई सौगात

मुख्यमंत्री ने रोड शो के दौरान जनता से संवाद करते हुए कहा कि भाजपा ने भोपाल को देश का दूसरा सबसे स्वच्छ शहर बनाया। भाजपा की सरकार ने भोपाल में सावरकर सेतु, राजा भोज सेतु जैसे अनेक ब्रिज सहित कई सौगातें दी। हमने नर्मदा मैया का पानी भोपाल की जनता को दिया। 2003 के पहले जब कांग्रेस सरकार थी, तब पूरे मध्यप्रदेश को बर्बाद कर दिया था। भाजपा विकास की पर्याय और कांग्रेस विनाश की। हमने प्रदेश का विकास कर विकसित प्रदेश की श्रेणी में लेकर आये। कांग्रेस के जमाने में भोपाल शहर में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे रहते थे, बदबू आती थी। हमने भोपाल को सुंदर और क्लीन सिटी-ग्रीन सिटी बनाया है।

मुख्यमंत्री ने नरेला विधानसभा के संजीवनी ओल्ड सुभाष नगर चौराहा से रोड शो की शुरुआत की। उनके साथ प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग, महापौर प्रत्याशी मालती राय, प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी, जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी, पार्षद प्रत्याशी व वरिष्ठ नेता रोड शो में शामिल थे। यहां से मुख्यमंत्री रोड शो में जनता का आशीर्वाद लेते हुए आगे बढ़ रहे थे। कार्यकर्ता पार्टी का झंडा लेकर गगनभेदी नारे लगाते हुए आगे-आगे चल रहे थे। रोड शो अप्सरा टॉकीज, अर्जुन नगर, बाबा चौराहा, नेहरू स्कूल, अशोका गार्डन, प्रगति नगर पहुंची। यहां से मुख्यमंत्री का रोड शो नरेला विधानसभा के सांईराम कालोनी, विजय नगर, खुशीपुरा, राजेन्द्र नगर शिव मंदिर, कृष्णा नगर मरई माता, द्वारका नगर, चांदबड, महामाई मंदिर, पुष्पानगर चौराहा, संतोषी माता मंदिर, चाणक्यपुरी, गणेश चौक होते हुए ऐशबाग फाटक पहुंचा। यहां मुख्यमंत्री ने महापौर एवं पार्षद प्रत्याशियों को जिताने की जनता से अपील की। (एजेंसी, हि.स.)

Share it
Top