Home » देश » देश भर में भाजपा की लहर, बीजद सरकार का जाना तयः मोदी

देश भर में भाजपा की लहर, बीजद सरकार का जाना तयः मोदी

👤 Veer Arjun Desk 4 | Updated on:23 April 2019 2:57 PM GMT
Share Post

केंद्रपाड़ा (वार्ता)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को ओडिशा के लोगों से किसान और विकास विरोधी बीजू जनता दल (बीजद) को सबक सिखाने का आह्वान करते हुए कहा कि देश भर में जारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की लहर विपक्ष के लिए चुनौती बन गयी है ।

श्री मोदी ने यहां विजय संकल्प समावेश को संबोधित करते हुए कहा कि ओडिशा की किसान और विकास विरोधी सरकार को दंड देने का समय आ गया है। उन्होंने कहा, "आपका जाना लगभग तय है क्योंकि ओडिशा के लोग राजनेताओं से अधिक समझदार हैं और उन्होंने राज्य तथा केंद्र दोनों जगह दोहरे इंजन वाली सरकार बनाने का मन बना लिया है।

उन्होंने कहा कि राज्य के लोग बदलाव चाहते हैं और यह बीजद सरकार के बने रहने के लिए मुश्किल खड़ी करने वाला है। केवल मुट्ठी भर अधिकारी इस सरकार को नहीं बचा सकते।

प्रधानमंत्री ने कहा, "पहले राज्य के लोग आपको (श्री पटनायक को) प्रेम से विदाई देना चाहते थे लेकिन अब वे गुस्से से देना चाहते हैं। आपने ओडिशा के लिए कई वर्षों तक काम किया है और मैं चाहता हूं कि आप गरिमा के साथ अपना पद छोड़ें लेकिन पिछले 10-12 दिन से राज्य में जिस तरह की हिंसा हो रही है और भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है। मैं नवीन बाबू से कहना चाहता हूं कि आप जा रहे हैं। आपका जाना अनिवार्य हो गया है। गलत मंशा वाले मुट्ठी भर अधिकारी आपको नहीं बचा सकते।'' श्री मोदी ने कहा, "यह लहर नहीं ललकार है, फिर एक बार मोदी सरकार है।'' उन्होंने कहा कि 2014 में उन्हें ओडिशा से इतना प्यार नहीं मिला था लिहाजा इस बार उन्हें उम्मीद है कि राज्य के लोग केंद्र में सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।"

उन्होंने आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री किसान योजना को राज्य में लागू नहीं करने को लेकर श्री पटनायक की आलोचना करते हुए कहा कि वह केंद्र की योजनाओं और राज्य के लोगों के बीच दीवार बन कर खड़े हैं। उन्होंने लाखों लोगों को इन योजनाओं का लाभ उठाने से वंचित कर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने पर ये सभी योजनाएं लागू की जाएगी। श्री मोदी ने कहा कि सबसे दुर्भाग्यपूर्ण और हैरान कर देने वाली बात यह है कि ओडिशा में बलात्कार की शिकार नाबालिग लड़कियों को भी न्याय नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने राज्य में महिलाओं के खिलाफ बढ़ रहे अपराधों को लेकर बीजद सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा उनकी सरकार की प्राथमिकता होगी। उन्होंने वादा किया कि बलात्कारियों को फांसी की सजा दी जाएगी। उन्होंने बीजद सरकार से पूछा कि केंद्रपाड़ा क्षेत्र में कोई भी उद्योग एवं सिंचाई परियोजना नहीं शुरू हो रही है। उन्होंने कहा कि संसाधनों से भरपूर ओडिशा देश के सबसे गरीब राज्यों में से एक है क्योंकि सरकार के पास राज्य के विकास के लिए कोई प्राथमिकता और दृष्टिकोण नहीं है।

केंद्रपाड़ा राज्य की सबसे पुराना नगरपालिका है लेकिन यहां पानी और सड़क संपर्क जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है। यहां तक कि किसानों के लिए एक कोल्ड स्टोरेज तक नहीं है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सबका साथ सबका विकास के सिद्धांत पर आगे बढ़ रही है। पिछले पांच वर्ष के दौरान गरीबों को पक्के मकान दिये गये और सरकार ने 2022 तक सबको पक्का मकान मुहैया कराने का लक्ष्य रखा है। इसके अलावा गरीब महिलाओं को मुफ्त रसोई गैस तथा हर मकान में बिजली और शौचालय की सुविधा भी उपलब्ध करायी जाएगी। उन्होंने कहा कि एक मजबूत नेता ही आतंकवाद का खात्मा कर सकता है। चौकीदार की ताकत तभी बढ़ सकती है जब हर नागरिक चौकादार का फर्ज निभाये। वोट डालने को केवल जिम्मेदारी नहीं बल्कि अवसर बताते हुए उन्होंने लोगों से कमल के निशान पर दो बार बटन दबाने की अपील की ताकि दिल्ली और ओडिशा दोनों जगह भाजपा की सरकार बन सके।

Share it
Top