Home » देश » हिमाचल में ठंड का आगाज, केलंग में पारा 3.7 डिग्री

हिमाचल में ठंड का आगाज, केलंग में पारा 3.7 डिग्री

👤 manish kumar | Updated on:4 Oct 2019 5:10 AM GMT

हिमाचल में ठंड का आगाज, केलंग में पारा 3.7 डिग्री

Share Post

शिमला । हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में अक्तूबर महीना शुरू होते ही ठंड का भी आगाज हो गया है। राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों के पारे में काफी गिरावट दर्ज की जा रही है और न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदू के समीप पहुंच गया है। लाहौल-स्पीति का केलंग राज्य में सबसे ठंडा स्थल रहा, जहां गुरुवार को न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आगामी दिनों में केलंग के तापमान में और गिरावट आएगी। सर्दियों में केलंग का पारा शून्य से कई डिग्री नीचे चला जाता है।

उधर, पर्यटन स्थलों मनाली व शिमला के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है तथा इन शहरों में पर्यटकों व स्थानीय लोगों को अभी से गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। गुरुवार को मनाली में न्यूनतम तापमान 7.6 और शिमला में 11.7 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। इसके अलावा कल्पा में 6.3 डिग्री, कुफरी में 9.5 डिग्री, सुंदरनगर 15.2 डिग्री, भुंतर में 12.4 डिग्री, उना में 19.4 डिग्री, नाहन में 16.3 डिग्री, पालमपुर में 14 डिग्री, सोलन में 14.5 डिग्री, कांगड़ा में 16.5 डिग्री, मंडी में 17.4 डिग्री, बिलासपुर में 19 डिग्री, हमीरपुर में 19.2 डिग्री, चंबा में 14.9 डिग्री, डल्हौजी में 11.7 डिग्री और पांवटा साहिब में 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मानसून की सक्रियता से राजधानी शिमला व आसपास के इलाकों में गुरुवार की सुबह से आसमान पर बादल छाए हुए हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने आगामी 24 घंटों के दौरान राज्य के अनेक क्षेत्रों में वर्षा की संभावना जताई है। उन्होंने बताया कि आठ अक्टूबर तक मानसून प्रदेश से विदा हो जाएगा। एजेंसी/हिस

Share it
Top