Home » देश » देश सहित विदेशों में धूमधाम से मनाया जा रहा दीपावली का त्‍योहार

देश सहित विदेशों में धूमधाम से मनाया जा रहा दीपावली का त्‍योहार

👤 manish kumar | Updated on:27 Oct 2019 6:05 AM GMT

देश सहित विदेशों में धूमधाम से मनाया जा रहा दीपावली का त्‍योहार

Share Post

नई दिल्‍ली। प्रकाश का पर्व दिपावली का त्‍योहार भारत सहित विदेशों में भी बड़े धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। अमेरिका के विभिन्न बड़े शहरों में इस बार दीवाली की तैयारियां लोगों ने एक माह पहले से कर ली थी। एक तरफ जहां अयोध्‍या में दिवाली का विश्‍व रिकार्ड बना है तो वहीं विदेशों में रह रहे भारतीय भी धूमधाम के साथ खुशियां बांट रहे हैं।

जानकारी के अनुसार राम की नगरी अयोध्या में दीपोत्सव पर 6 लाख 11 हजार दीपों को प्रज्ज्वलित कर शनिवार को नया विश्व कीर्तिमान स्थापित किया गया। इस कीर्तिमान के बाद इसका गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में नाम दर्ज हो गया।

यह रिकॉर्ड राम की पैड़ी सहित अयोध्या में विभिन्न स्थानों पर एक साथ दीप जलाकर रचा गया। राम की पैड़ी पर 4 लाख 10 हजार दीपक, जबकि अयोध्या के विभिन्न मंदिरों व अन्य स्थानों में 2 लाख 1 हजार दीपक प्रज्ज्वलित किए गए। इतनी संख्या में अयोध्या ने दीपों को जलाकर विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया।

योजना साढ़े तीन लाख से ज्यादा दीप जलाकर विश्व रिकॉर्ड बनाने की थी लेकिन मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की कृपा से लक्ष्य से ज्यादा 4 लाख 10 हजार दीया जलाने का विश्व रिकॉर्ड बना।

दूसरी ओर न्यू यॉर्क, शिकागो, लॉस एंजेल्स और टेक्सास के ह्युस्टन शहर के विभिन्न भारतीय मंदिरों और घरों को जगमगाती रोशनी से सजाया गया है। इन बड़े महानगरों में प्रवासी भारतीयों की बड़ी संख्या को देखते हुए 'नमस्ते इंडिया' नाम से प्रचलित दुकानों पर भारतीय पोशाक में महिलाओं और पुरुषों को मिट्टी की बनी गणेश और लक्ष्मी की मूर्तियां और स्वादिष्ट व्यंजन, मिठाइयाँ और जगमगाती रोशनी की लड़ियों की ख़रीदारी करते देखा जा सकता है। इन दुकानों पर काजू और बादाम की बर्फ़ी से ले कर सभी तरह की मिठाइयों में इमरती, मोती चूर के लड्डू, बालू शाही, कलाकंद और केक देखे जा सकते हैं।

न्यू यॉर्क के क्वींस इलाक़े में तो लॉस एंजेल्स स्थित सेरिटोस (आरटीशिया) में भारतीय दुकानें विशेष रूप से सजाई गई है। इन दुकानों पर खील बताशे और मिट्टी की बनी हटरी आदि की विशेष रूप से व्यवस्था की गई है। लॉस एंजेल्स में 'नमस्ते इंडिया' दुकान के संचालक मोहन देव ने पूछने पर बताया कि मिट्टी के गणेश लक्ष्मी अब आम तौर पर भारतीय घरों में बनाए जाते हैं और बड़ी संख्या में दुकानों में सप्लाई भी की जाती है। उन्होंने बताया कि शनिवार और रविवार के साप्ताहिक अवकाश के कारण प्रवासी भारतीयों की नमस्ते इंडिया स्टोरों पर बड़ी भीड़ देखी जा सकती है।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने यहां व्हाइट हाउस में चौथे वर्ष लगातार दीपावली से तीन दिन पूर्व बुद्धवार की रात दीप प्रज्ज्वलित कर भारतवासियों को बधाई दी। इस अवसर पर व्हाइट हाउस और भारतीय राजदूत सहित दूतावास के अनेक अधिकारी मौजूद थे। एजेंसी/हिस

Share it
Top