Home » देश » कोलकाता महिला बटालियन ने चलाया धरपकड़ अभियान, 13 मनचले गिरफ्तार

कोलकाता महिला बटालियन ने चलाया धरपकड़ अभियान, 13 मनचले गिरफ्तार

👤 Veer Arjun | Updated on:7 Dec 2019 4:00 AM GMT

कोलकाता महिला बटालियन ने चलाया धरपकड़ अभियान, 13 मनचले गिरफ्तार

Share Post

कोलकाता । पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में रात के समय सड़कों पर चलने वाली महिलाओं के साथ छेड़खानी और अश्लील हरकतें करने वाले मजनुओं के खिलाफ कोलकाता पुलिस की महिला बटालियन "विनर्स" ने धरपकड़ अभियान चलाया है। शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक कुल 13 मनचलों को गिरफ्तार किया गया है।

कोलकाता पुलिस के संयुक्त आयुक्त (अपराध) मुरलीधर शर्मा ने शनिवार सुबह इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिला बटालियन के साथ मिलकर पुलिस की खुफिया टीम ने कोलकाता के विभिन्न थाना क्षेत्रों में धरपकड़ अभियान चलाया था। विशेष तौर पर नेताजी नगर थाना इलाके में कार्रवाई की गई थी, क्योंकि यहां से महिलाओं के खिलाफ अपराध की शिकायतें सबसे अधिक मिल रही थीं। इस दौरान न केवल मनचलों के खिलाफ बल्कि कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बनने वाले अथवा ट्रैफिक कानूनों का उल्लंघन कर वाहन आदि चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। कुल 51 मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं। इसके अलावा 60 लोगों को हिरासत में लिया गया है। 13 मनचले गिरफ्तार किए गए हैं जिन्हें स्थानीय थाने के हवाले कर दिया गया है। इस तरह से धरपकड़ अभियान अभी और कुछ दिनों तक लगातार चलता रहेगा।

दरअसल महानगर कोलकाता में रात के समय सड़कों पर चलने वाली महिलाओं के साथ छेड़खानी, मारपीट अथवा अन्य आपराधिक वारदात की शिकायतें मिलती रहती हैं। इसे लेकर कोलकाता पुलिस आयुक्त अनुज शर्मा ने विशेष निर्देशिका जारी की है और महानगर को महिलाओं के लिए सुरक्षित बनाने का निर्देश सभी थाने में भेजे गए हैं। उसी के मुताबिक लगातार धरपकड़ अभियान चल रहा है।

Share it
Top