Home » देश » सोनोवाल मंत्रिमंडल का विस्तार, संजय और योगेन ने ली मंत्री पद की शपथ

सोनोवाल मंत्रिमंडल का विस्तार, संजय और योगेन ने ली मंत्री पद की शपथ

👤 Veer Arjun | Updated on:18 Jan 2020 9:43 AM GMT

सोनोवाल मंत्रिमंडल का विस्तार, संजय और योगेन ने ली मंत्री पद की शपथ

Share Post

गुवाहाटी । मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल कैबिनेट का शनिवार को विस्तार किया गया। राज्यपाल प्रो. जगदीश मुखी ने तिनसुकिया विधानसभा के विधायक संजय किसान और महमरा विधानसभा के विधायक योगेन महेन को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। दोनों ने राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ ग्रहण की। इस तरह सोनोवाल कैबिनेट में मंत्रियों की कुल संख्या मुख्यमंत्री समेत 18 हो गई है। हालांकि अभी भी एक सीट खाली है।

ज्ञातव्य है कि विधानसभा चुनाव से महज एक वर्ष पहले मंत्रिमंडल का संक्षिप्त विस्तार हुआ है। मंत्रिमंडल के विस्तार के कयास काफी पहले से ही लगाए जा रहे थे। दो मंत्रियों तपन गोगोई और पल्लव लोचन दास के सांसद चुन लिये जाने के बाद से मंत्रिमंडल खाली था। मंत्रिमंडल विस्तार के बाद अब मंत्रालयों में फेरबदल को लेकर भी काफी कयास लगाए जा रहे हैं। संभवतः शाम तक मंत्रियों के विभागों का बंटवारा तथा कुछ मंत्रियों के विभागों में फेरबदल हो सकता है।

शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यंत्री सर्वानंद सोनोवाल, वित्त आदि मामलों के मंत्री व नेडा के संयोजक डॉ हिमंत विश्वशर्मा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रंजीत कुमार दास, मंत्रिमंडल के सभी मंत्रियों के साथ ही भाजपा व सहयोगी पार्टियों के विधायक तथा गण्यमान्य व्यक्ति मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि सरकार गठन के बाद सोनवाल मंत्रिमंडल का यह दूसरा विस्तार है।

Share it
Top