Home » देश » दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल और उनके नेता पांच साल में हुए कितने अमीर

दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल और उनके नेता पांच साल में हुए कितने अमीर

👤 mukesh | Updated on:23 Jan 2020 5:53 AM GMT

दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल और उनके नेता पांच साल में हुए कितने अमीर

Share Post

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित सभी 70 आम आदमी पार्टी (आप) उम्मीदवरों ने नामांकन दाखिल दिया है। पार्टी इस साल विधानसभा चुनाव 'अच्छे बीते पांच साल, लगे रहो केजरीवाल', ये नारे के साथ आगे पढ़ रही है। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल एक बार फिर नई दिल्ली सीट से तीसरी बार चुनावी मैदान में उतरे हैं।

मंगलवार देर शाम (21 जनवरी) केजरीवाल ने नामांकन दाखिल किया। इस दौरान हलफनामे में उन्होंने अपनी संपत्ति का भी ब्यौरा दिया। केजरीवाल ने अपनी कुल संपत्ति 3.4 करोड़ रुपये बताई है, जो 2015 से 1.3 करोड़ ज्यादा है। वहीं आम आदमी पार्टी (आप) के बाबरपुर सीट से उम्मीदवार गोपाल राय की चल संपत्ति पांच वर्ष में करीब 11.5 गुना बढ़ी है। राजेन्द्र नगर के आप उम्मीदवार राघव चड्‌ढा की संपत्ति में सिर्फ साढ़े तीन लाख रुपये की बढ़ोतरी हुई है। जबकि चड्‌ढा की आय एक साल में 63 हजार रुपये घट गई है। वहीं शाहदरा के आप उम्मीदवार राम निवास गोयल पांच साल में दो कार इनोओ-क्रिस्टा और अमेज के मालिक बन गए। सीमापुरी के उम्मीदवार राजेन्द्र पाल गौतम की पिछले पांच साल में वार्षिक आय 2.31 लाख से बढ़कर 8.90 लाख हो गई।

किसकी कितनी संपत्ति

अरविंद केजरीवाल- नई दिल्ली सीट से उम्मीदवार अरविंद केजरीवाल ने हलफनामे में बताया है कि उनके पास 3.4 करोड़ रुपये की संपत्ति है, जो 2015 से 1.3 करोड़ ज्यादा है। 2015 के विधानसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल ने अपनी संपत्ति की कीमत 2.1 करोड़ बताई थी। अब उनकी यह संपत्ति बढ़कर 3.4 करोड़ रुपये की हो गई है। यानी पांच साल मुख्यमंत्री रहने के बाद अरविंद केजरीवाल की कुल आय में 1 करोड़ 30 लाख का इजाफा हुआ है।

वर्ष 2015 में केजरीवाल के पास 2 लाख 26 रुपये कैश था, जो बढ़कर 2020 में 9 लाख 65 हजार हो गया है। जबकि अचल संपत्ति की बात की जाए तो केजरीवाल की अचल संपत्ति की कीमत 2015 में 92 लाख रुपये थी, जो अब बढ़कर एक करोड़ 77 लाख हो गई है। केजरीवाल की अचल संपत्ति की कीमत में 85 लाख का इजाफा हुआ है।

केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल की आय की जानकारी भी हलफनामे में दी गई है। 2015 में सुनीता केजरीवाल की कुल आय 15 लाख बताई गई थी, जो 2020 में बढ़कर 57 लाख हो गई है। पांच साल में सुनीता केजरीवाल की आय 42 लाख बढ़ गई है।

मनीष सिसोदिया- दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने पटपड़गंज विधानसभा सीट से तीसरी बार मैदान में है। नामांकन पत्र के साथ शपथ पत्र में दी गई जानकारी के अनुसार 2015 में परिवार समेत उनकी कुल चल और अचल संपत्ति 41.14 लाख थी, जो अब बढ़कर 93.59 लाख हो गई है। तब उनकी सालाना आय 4.40 लाख रुपये से अधिक थी लेकिन अब 2018-19 वित्तीय वर्ष में सालाना आय घटकर 2.45 लाख रह गई है। उनके पास 2015 में कुल चल और अचल संपत्ति 16.40 लाख से अधिक थी, जो अब बढ़कर 25.74 लाख हो गई है। उनकी पत्नी की कोई सालाना आय नहीं है। 2015 में उनके पास बैंक व अन्य बचत 3.95 लाख थी, जो अब घटकर 2.66 लाख रह गई है। मंत्री बनने के बाद उन्होंने पत्नी के नाम पर 2018 में मयूर विहार फेज-टू में एक फ्लैट खरीदा है, जिसकी बाजार में कीमत 65 लाख रुपये है। हालांकि यह फ्लैट पांडव नगर में उनकी पत्नी के नाम पर मौजूद फ्लैट को बेचकर खरीदा गया है।

राघव चड्‌ढा- राजेंद्र नगर सीट से आप उम्मीदवार राघव चड्‌ढा की आय एक साल में 63 हजार रुपये घट गई। जबकि उनकी संपत्ति वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में घोषित संपत्ति से साढ़े तीन लाख रुपये बढ़ी है। चड्‌ढा की वार्षिक आय 2019 में 2,19,230 रुपये और कुल चल संपत्ति 16,47,954 रुपये थी, जो 2020 में वार्षिक आय घटकर 1,56,030 रुपये हो गई। चल सम्पत्ति बढ़कर 19,97,979 रुपये हो गई है। इस प्रकार उनकी संपत्ति 3,50,025 रुपये घटी है।

गोपाल राय- बाबरपुर सीट से आप उम्मीदवार गोपाल राय की पांच साल में चल संपत्ति साढ़े 11 गुना बढ़ी है। उनकी सालाना आय में भी करीब दो गुना इजाफा हुआ है। साल 2015 में वार्षिक आय 1,66,000 रुपये की थी। चल-सम्पति 2,17,843 रुपये और अचल-संपत्ति 45 लाख रुपये की थी। साल 2020 में वार्षिक आय 4,07,090 रुपये और चल-सम्पति 23,86,006 रुपये हो गई है। वहीं अचल-संपत्ति 58 लाख रुपये की है।

राम निवास गोयल- राम निवास गोयल पांच साल में दो कार इनोआ क्रिस्टा और अमेज के मालिक बन गए। साल 2015 में वार्षिक आय 220758 रुपये की थी। चल-सम्पति 14 लाख रुपये की थी और अचल-संपत्ति 2.17 करोड़ रुपये की है। साल 2020 में वार्षिक आय 3,28,500 रुपये हो गई। चल-सम्पति 39 लाख रुपये हो गई है। वहीं अचल-संपत्ति 2.26 करोड़ रुपये की है।

राजेन्द्र पाल गौतम- राजेन्द्र पाल गौतम की पांच साल में वार्षिक आय 2 लाख 31 लाख से बढ़कर 8 लाख 90 हजार के करीब हो गई। साल 2015 में वार्षिक आय 2,31,199 रुपये की थी। चल-सम्पति 11,00,584 रुपये की थी और अचल-संपत्ति 15 लाख रुपये की है। साल 2020 में वार्षिक आय 8,90,893 रुपये हो गई। चल-सम्पति 23,49,858 रुपये हो गई है। वहीं अचल-संपत्ति 6.60 लाख रुपये की हो गई है।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली में आठ फरवरी को विधानसभा के लिए वोट डाले जाएंगे और 11 फरवरी को चुनावी नतीजे घोषित किए जाएंगे। (एजेंसी हिस.)

Share it
Top