Home » देश » शिवरात्रि पर भगवान शिव के दर्शन की लालसा से उमड़ी भीड़

शिवरात्रि पर भगवान शिव के दर्शन की लालसा से उमड़ी भीड़

👤 Veer Arjun | Updated on:21 Feb 2020 5:54 AM GMT

शिवरात्रि पर भगवान शिव के दर्शन की लालसा से उमड़ी भीड़

Share Post

लखनऊ । राजनीतिक नगरी लखनऊ में आज आध्यात्म की नदी बह रही है और सुबह से ही शिवालयों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। लखनऊ के लोगों के मन में शिवरात्रि पर भगवान शिव के दर्शन की लालसा उन्हें मंदिरों तक खींच लायी है।

लखनऊ में वैसे तो तमाम शिवालय हैं, जहां पर शिवरात्रि के अवसर पर पूजन के लिए महिलाओं की भारी भीड़ है। इसी में कुछ शिवालय ऐसे भी हैं जो आज भी सभी वर्ग के लोगों को अपनी ओर बुलाते हैं। उसी में एक शिवालय राजेंद्र नगर क्षेत्र में महाकाल महादेव भी है। यह मंदिर महाकाल शिवलिंग के विराजमान होने के कारण से तमाम लोगों के श्रद्धा का केन्द्र है। मंदिर में भस्म आरती का विशेष महत्व है। शिवरात्रि के दिन यहां भस्म आरती के बाद मंदिर के पट खुले तो भक्तों का तांता लग गया।

डालीगंज में विशालकाय रुप में बने मनकामेश्वर मंदिर की ख्याति भी अद्भुत है। शिवरात्रि पर यहां देर रात से ही शिव भक्तों की कतार लग गयी थी। सुबह सात बजे तक लगभग 15 हजार लोगों ने दर्शन पा लिया था। मंदिर में विराजमान मनकामेश्वर शिवलिंग पर जलाभिषेक किया गया और इसके लिए बाद भव्य श्रृंगार कर भक्तों के दर्शन के लिए खोला गया। भीड़ के बढ़ने की सम्भावना को देखते हुए मंदिर के दोनों ओर से आने वाले रास्तों को पुलिस ने बंद कर दिया है और एहतियात बरतते हुए हर व्यक्ति की चेकिंग की जा रही है।

चौक इलाके में भारी संख्या में हिन्दू श्रद्धालुओं की आस्था कोनेश्वर महादेव मंदिर में विराजमान शिवलिंग पर है। वहां रोजाना ही जलाभिषेक करने वालों की भीड़ होती है। आज शिवरात्रि पर सुबह से ही पुरुषों व महिलाओं की दो पंक्तियां अलग अलग लग गयी है। मंदिर के बाहर फूल बेचने वाले दुकानदारों की बिक्री भी दोगुनी हो गयी है। इसी तरह से बुद्धेश्वर मंदिर में भी शिवरात्रि के अवसर पर भव्य आयोजन किया जा रहा है। मंदिर में भोर के समय से ही स्वच्छता कार्य चल रहा था और छह बजे के करीब मंदिर को खोला गया।

बुद्धेश्वर मंदिर में दर्शन पूजन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार इजाफा ही हो रहा है। मंदिर की सुरक्षा में तैनात जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन के लोगों के अनुसार सुबह नौ बजे तक हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने वहां दर्शन पूजन किया है। लखनऊ के अन्य प्रमुख शिवालयों कल्याणगिरि मंदिर, सिद्धेश्वर महादेव मंदिर, गोमतेश्वर महादेव मंदिर, स्पप्नेश्वर महादेव मंदिर, लोधेश्वर महादेव मंदिर में भी सुबह से ही शिव धुन पर भक्तों के कदम बढ़ रहे है। सभी हर हर महादेव का उद्घोष कर रहें है।

Share it
Top