Home » देश » Uttarakhand को राहु-केतु से बचाएं, ये आ गए तो विकास को लगा देंगे ग्रहण : शिवराज

Uttarakhand को राहु-केतु से बचाएं, ये आ गए तो विकास को लगा देंगे ग्रहण : शिवराज

👤 mukesh | Updated on:7 Feb 2022 7:56 PM GMT

Uttarakhand को राहु-केतु से बचाएं, ये आ गए तो विकास को लगा देंगे ग्रहण : शिवराज

Share Post

देहरादून। अलग उत्तराखंड राज्य का निर्माण (Formation of Uttarakhand State) अटल जी की सरकार ने किया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) और मुख्यमंत्री पुष्कर धामी (Chief Minister Pushkar Dhami) की डबल इंजन वाली सरकार उत्तराखंड में विकास कर रही है। रोड कनेक्टिविटी, रेल कनेक्टिविटी, इंटरनेट कनेक्टिविटी, मोबाइल कनेक्टिविटी, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार देने का काम भाजपा की सरकारें कर रही हैं। पुष्कर धामी जी बहुत मेहनती आदमी हैं, मेरे साथ काम किया है। आप उन्हें अपना समर्थन दें, वो विकास का नया इतिहास रचेंगे। उत्तराखंड को राहु (राहुल गांधी) और केतु (केजरीवाल) से बचाएं। अगर ये आ गए, तो उत्तराखंड के विकास को ग्रहण लगा देंगे।

यह बातें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को उत्तराखंड की श्रीनगर, चमोली और पुरोला विधानसभाओं में भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में सभाओं के दौरान कही।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की आजादी के बाद महात्मा गांधी जी ने कहा था, कांग्रेस को भंग कर दो, लेकिन पंडित जवाहरलाल नेहरू ने उनकी बात नहीं मानी। अब राहुल बाबा ने कसम खाई है, वो गांधी जी के सपनों को पूरा करके दिखाएंगे। कांग्रेस को समाप्त करके ही रहेंगे।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि राहुल गांधी कंफ्यूज भी हैं, और फ्यूज भी हैं। उत्तराखंड आए तो जनरल बिपिन रावत जी का ही नाम भूल गए। आजकल कहते हैं मोदी ने दो भारत बना दिए, जबकि भारत को दो भागों में विभाजित किया था कांग्रेस ने। देश को हिंदुस्तान और पाकिस्तान में बांट दिया था। आज मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं और किसी माई के लाल की हिम्मत नहीं है कि भारत माता की तरफ आंख उठाकर भी देख ले।

देश की रक्षा में जुटे हैं उत्तराखंड के वीर जवान

उत्तराखंड के वीरों को नमन करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यहां के वीर जवान देश की सीमाओं की रक्षा में जुटे हैं। जनरल बिपिन रावत को याद करते हुए उन्होंने कहा कि वो उत्तराखंड की माटी के लाल थे, हमें भारत के ऐसे बेटे पर गर्व है, जिन्होंने देश की सीमाओं को सुरक्षित किया। उन्होंने कहा कि हमारे लिए बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री चार धाम हैं। पांचवां धाम यहां के वीर सैनिकों के सम्मान में बनाया जाने वाला सैन्य धाम है लेकिन कांग्रेस के लिए चार धाम सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और राबर्ट वाड्रा हैं।

राहुल बाबा न हिंदू का मतलब जानते हैं, न हिंदुत्व को

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि राहुल कह रहे हैं कि हिंदू अलग हैं, हिंदुत्व अलग है। मैं बताता हूं हिंदू और हिंदुत्व का मतलब। इसका अर्थ है- अयं निजः परो वेति, गणना लघुचेतसाम्, उदारचरितानां तु वसुधैव कुटुम्बकम्। ये वसुधैव कुटुम्बकम् हिंदुत्व है। एकं सद्विप्रा बहुधा वदन्ति ये हिंदुत्व है। आत्मवत् सर्वभूतेषु अपने जैसा सब को मानो, ये हिंदुत्व है। सिया राम मय सब जग जानी, ये हिंदुत्व है। धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, ये हिंदुत्व है। प्राणियों में सद्भावना हो और विश्व का कल्याण हो। राहुल बाबा ये हिंदुत्व है, सत्यमेव जयते ये हिंदुत्व है। जियो और जीने दो ये हिंदुत्व है। सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामया। सर्वे भद्राणि पश्यन्तु मा कश्चित् दुःखभाग् भवेत्। सब सुखी हों, सब निरोग हों, सबका मंगल हो, सबका कल्याण हो, ये हिंदुत्व है। राहुल बाबा ना तुम हिंदू का अर्थ जानते हो, ना तुम हिंदुत्व को जानते हो।

हरीश रावत कह रहे कांग्रेस में मगरमच्छ आ गए हैं

शिवराज ने कहा कि मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब में जहां कांग्रेस की सरकारें हैं, वहां न युवाओं को बेरोजगारी भत्ता दिया और न किसानों का कर्ज माफ किया। यहां आकर कह रहे हैं, हम ये देंगे, वो दे देंगे। उन्होंने हरीश रावत के ट्वीट का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस में बहुत से मगरमच्छ हैं। अगर मगरमच्छ आ गए तो वो खा जाएंगे, इसलिए मगरमच्छ वाली पार्टी से सावधान रहना। हरीश रावत लोकसभा का चुनाव हार गए, पिछली बार दो विधानसभा चुनाव हार गए। लोग कहते हैं ये तो हारदा हैं, जो हारता ही रहता है। इस तरह हारने वाले क्या उत्तराखंड का विकास करेंगे?

कांग्रेस मतलब वंशवाद

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चाय बेचने वाले थे। स्व. अटल जी एक मास्टर के बेटे थे। मैं छोटे से गांव के एक किसान का बेटा हूं, लेकिन मुझे चौथी बार मुख्यमंत्री बना दिया। ये भाजपा है यहां कोई पक्षपात या परिवारवाद नहीं है। दूसरी तरफ कांग्रेस मतलब वंशवाद, भ्रष्टाचार, लूट खसूट, अत्याचार और घोटाला है। जब केदारनाथ बाबा की त्रासदी हुई थी तब कांग्रेस मृतकों के मुआवजे तक का पैसा खा गयी, उत्तराखंड का क्या विकास करेगी? इसलिए मैं निवेदन करने आया हूं कि भारतीय जनता पार्टी के विकास के काम देखिए, फिर निर्णय कीजिए।

शिवराज सिंह चौहान ने श्रीनगर विधानसभा में अनूठे ढंग से डोर टू डोर संपर्क किया। उन्होंने बुजुर्गों को गले लगाया, युवा साथियों को माला पहनाकर भाजपा के लिए समर्थन मांगा। डोर टू डोर संपर्क के दौरान छोटी सी जूते-चप्पल की दुकान चला रहे बुजुर्ग ने उन्हें आवाज दी, और वह उसकी दुकान पर जा पहुंचे। कंधे पर हाथ रखकर उन्होंने हालचाल पूछा और भाजपा को आशीर्वाद देने का आग्रह किया। (एजेंसी, हि.स.)

Share it
Top