Home » NCR » यमुना नदी में डूबे छात्र का शव आठ दिन बाद बरामद

यमुना नदी में डूबे छात्र का शव आठ दिन बाद बरामद

👤 Veer Arjun Desk 4 | Updated on:17 March 2019 3:29 PM GMT
Share Post


फरीदाबाद, (वीअ)। नवीन नगर पुलिस चौकी के अंतर्गत इस्माइलपुर के पास यमुना नदी पार जाकर बेर खाने के चक्कर में डूबे छात्र का शव थाना भूपानी क्षेत्र के गांव किड़वाली पुलिस ने आठ दिन बाद बरामद कर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।

गौरतलब है कि नवीन नगर पुलिस चौकी इंचार्ज राजबीर सिंह ने बताया कि अगवानपुर निवासी जवाहर का बेटा रविन्द नौवीं कक्षा में पढ़ता था। विगत 8 मार्च को स्कूल की छुट्टी थी। इसलिए रविन्द ने अपने दोस्त शिव कुमार के साथ यमुना नदी पार जाकर बेर खाने की योजना बनाई। दोनों एक लठ्ठ लेकर चल दिए ताकि पानी की गहराई को पहले लठ्ठ से मापा जा सके। यमुना नदी को दोनों ने सुरक्षित पार कर खूब बेर खाए और पॉलीथिन भरकर वापस चल दिए।

यमुना नदी में आगे-आगे रविन्द लठ्ठ लेकर चल रहा था, जबकि पीछे शिव कुमार था। रविद पहले लठ्ठ को आगे रखता, बाद में अपना पैर। बीच यमुना नदी में अचानक उसका पैर काफी गहराई में चला गया और डूबने लगा।

यह देख शिव कुमार घबरा गया, पर कुछ न कर सका। जैसे-तैसे वह बाहर आया और इस बारे में किसी को कुछ नहीं बताया। उधर, रविद के परिजनों को यमुना नदी पार जाने के बारे में कुछ नहीं पता था। इसलिए उन्होंने नवीन नगर पुलिस चौकी में गुमशुदगी की रपट दर्ज करा दी थी।

पुलिस ने जांच शुरू की तो पता लगा कि उस दिन रविद को शिव कुमार के साथ यमुना नदी की ओर जाते हुए देखा गया था। पूछताछ पर शिव कुमार ने सच्चाई बता दी। उसी दिन से पुलिस व फायर बिग्रेड के गोताखोर लगातार यमुना में रविन्द को ढूंढ रही थी। बीती शाम को गांव किड़वाली के समीप यमुना नदी से थाना भूपानी पुलिस ने एक शव को बरामद किया था। जिसके बाद रविन्द के परिजनों ने उसे पहचाना।

Share it
Top