Home » पंजाब » ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी सहित दो अन्य नेता आप में हुए शामिल

ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी सहित दो अन्य नेता आप में हुए शामिल

👤 Veer Arjun | Updated on:3 Sep 2021 10:03 AM GMT
Share Post

चंडीगढ़। पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों के चलते दल बदली का सिलसिला तेज़ हो चला है। इसी कड़ी में बुधवार को एक ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी और दो अन्य नेता अपने सहयोगियों के साथ आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। आप के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष (एलओपी) हरपाल सिंह चीमा ने यहां पार्टी मुख्यालय में नेताओं को शामिल किया और उनका स्वागत किया।

इस मौके पर हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पंजाब के लोग दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार के विकास कार्यों और नीतियों से प्रभावित हैं और चाहते हैं कि पंजाब में भी आम आदमी पार्टी की सरकार बने। उन्होंने कहा कि लोग रेत माफिया, शराब माफिया, परिवहन माफिया और केबल माफिया से तंग आ चुके हैं और इस माफिया शासन से छुटकारा पाना चाहते हैं। इसलिए वे आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे है, जिसके चलते आप का काफिला दिन-ब-दिन बढ़ता ही जा रहा है।

आप में शामिल होने वालों में बलबीर ग्रेवाल खन्ना, पूर्व उप खेल निदेशक, पश्चिम रेलवे और एक ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी शामिल हैं, जो एशियाई खेलों में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इनके अलावा पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट चंडीगढ़ के एक वकील गुरजीत सिंह कौड़ा भी पार्टी में शामिल हो गए। उन्होंने 2014 में ऐलनाबाद से अभय सिंह चौटाला के खिलाफ चुनाव लड़ा था। जदयू मोहाली के जिला प्रभारी जसबीर सिंह भी आप में शामिल हो गए। आप में शामिल हुए नेताओं ने कहा कि पार्टी की ओर से उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, वे पार्टी को मजबूत करने के लिए पूरी लगन और निष्ठा से काम करेंगे।

Share it
Top