Home » राजस्थान » दिल्ली की बजाय प्रदेश के किसानों की ओर ध्यान दें गहलोत: भाजपा

दिल्ली की बजाय प्रदेश के किसानों की ओर ध्यान दें गहलोत: भाजपा

👤 manish kumar | Updated on:11 Oct 2019 5:09 AM GMT

दिल्ली की बजाय प्रदेश के किसानों की ओर ध्यान दें गहलोत: भाजपा

Share Post

जयपुर । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि कांग्रेस की सरकार किसानों की कर्जमाफी का झूठा वादा करके सत्ता में आई है, वह आज अतिवृष्टि से किसानों की फसलों का जो नुकसान हुआ है, उसके लिए किसी भी प्रकार की सुधि नहीं ले रही है।

पूनिया गुरुवार को भाजपा मुख्यालय पर पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने प्रदेश के हाडौती एवं उदयपुर सम्भाग में अतिवृष्टि एवं नुकसान के कारण 80-100 प्रतिशत फसल खराब होने की मार किसानों को झेलनी पड़ रही है। उनकी फसल ही नहीं पशुधन व घरों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। राजनीतिक दबाव के कारण 33 प्रतिशत से भी कम गिरदावरी करने का कार्य किया जा रहा है, जिसका नुकसान किसानों को होगा, उन्हें मुआवजा राशि नहीं मिल पाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री के पास ही गृहमंत्रालय भी है। गृहमंत्री को पूर्णकालिक होकर कार्य करना पड़ता है किन्तु उनका आधे से ज्यादा समय दिल्ली में ही व्यतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधी बेखौफ हैं, जनता भयभीत है।

मालपुरा में हुए साम्प्रदायिक तनाव पर पूछे गये सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में जब-जब कांग्रेस सत्ता में रहती है, तब-तब उनकी तुष्टिकरण की नीति के चलते बहुसंख्यक समाज को भयभीत करने का प्रयास किया जाता है। आज राजस्थान में 40 सप्ताह के शासनकाल में 40 से अधिक साम्प्रदायिक घटनाएं हो चुकी हैं लेकिन सरकार की तुष्टिकरण की नीति के कारण समुदाय विशेष के हौंसले बुलंद हो गये हैं। प्रदेश में दलितों एवं महिलाओं पर आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। अपराधियों के हौंसले बुलंद हो गये हैं। हालात यह हो गये हैं कि पुलिस का ध्येय वाक्य ''आमजन में विश्वास-अपराधियों में भय'' होकर अब ''आमजन में भय-अपराधियों में विश्वास'' हो गया है।

Share it
Top