Home » राजस्थान » कांग्रेस ने सरकारी मशीनरी का दुरूपयोग किया : पूनिया

कांग्रेस ने सरकारी मशीनरी का दुरूपयोग किया : पूनिया

👤 manish kumar | Updated on:25 Oct 2019 5:16 AM GMT

कांग्रेस ने सरकारी मशीनरी का दुरूपयोग किया : पूनिया

Share Post

जोधपुर । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने उपचुनावों के परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने सरकारी मशीनरी का जमकर दुरूपयोग किया, उसके बावजूद अपनी प्रतिष्ठा की सीट नागौर-खींवसर की सीट नहीं जीत पाई। इससे साफ जाहिर है कि सरकार पर संकट बना हुआ है और जनता में उसके खिलाफ नाराजगी बरकरार है।

पूनिया गुरुवार को पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मण्डावा सीट के परिणाम का जिक्र करते हुए पूनियां ने कहा कि पहली बार भाजपा ने 2018 में यहां 2300 वोटों के अंतर से जीती थी। इसके अलावा मण्डावा विधानसभा में 28 बूथ ऐसे थे जिसमें अरब देशों में लोग नौकरी करते थे, जिनका बड़ा वोट बैंक है। उनकी गैरमौजूदगी में बूथों पर बड़ी मात्रा में फर्जी मतदान हुआ है। उन्होंने कहा कि यह जनादेश ना सरकार के पक्ष में, ना मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पक्ष में। यह केवल वहां के स्थानीय समीकरण थे। वहां स्थानीय मुद्दों और समीकरणों के आधार पर फैसला हुआ। अभी भी प्रदेश में मुद्दे वो ही है किसानों के, बेरोजगारों के, कानून व्यवस्था के।

इससे पहले गुरुवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष पूनिया का जन्मदिन सामाजिक सरोकारों और उत्साह के साथ मनाया। जयपुर के स्टैच्यू सर्किल स्थित होटल रॉयल हवेली में आयोजित मुख्य समारोह में डॉ. सतीश पूनियां ने दिव्यांगजनों को स्कूटी वितरित की और ग्रामीण मेधावी बालिकाओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम में डॉ. पूनियां ने वरिष्ठजनों का सम्मान के साथ ही संत समाज का आशीर्वाद लिया। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया, जिनको सड़क सुरक्षा के संदेश के साथ उपहार स्वरूप हैलमेट वितरित किए गए।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां के जन्मदिन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन पर्यावरण संरक्षण और भारतीय संस्कृति का संदेश देते हुए तुलसी के पौधे बांटे और सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त भारत बनाने का आह्नान किया। जयपुर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री, सांसद, विधायकों और कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने पूनिया को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी।

केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से प्रदेशाध्यक्ष के जन्मदिन पर सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करने की भूरी-भूरी प्रशंसा की। विपक्ष के उपनेता राजेन्द्र राठौड़ ने पूनिया को जन्मदिन की बधाई दी और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।

अपने जन्मदिन पर पूनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी कहते है कि राजनीति सिर्फ नारों की नहीं है, सरोकारों की भी है। इसी से प्रेरणा लेते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से पिछले आठ-दस सालों से इस तरह के आयोजन किए जाते रहे है। कार्यकर्ताओं के मनोभावों के अनुरूप सामाजिक सरोकारों के तहत इस प्रकार के कार्यक्रम से समाज में भागीदारी भी बढ़ेगी और जनकल्याण का संदेश भी जाएगा।

Share it
Top