Home » राजस्थान » प्रदेश में तेज अंधड़, बूंदाबांदी से मौसम में घुली ठंडक

प्रदेश में तेज अंधड़, बूंदाबांदी से मौसम में घुली ठंडक

👤 manish kumar | Updated on:30 May 2020 8:18 AM GMT

प्रदेश में तेज अंधड़, बूंदाबांदी से मौसम में घुली ठंडक

Share Post

जयपुर। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद राजस्थान के मौसम में शुक्रवार रात बड़ा बदलाव आया। भीषण गर्मी झेल रहे प्रदेश में शुक्रवार रात तेज अंधड़ के साथ विभिन्न इलाकों में गिरी बारिश के बूंदों से पारे में गिरावट आ गई।

मौसम विभाग के निदेशक शिव गणेश के अनुसार अगले 4-5 दिनों के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में आंधी, बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। वायुमंडल के निचले स्तरों में पूर्वी हवाओं के पश्चिमी विक्षोभ के साथ मिलने और अरब सागर में उच्च मात्रा में नमी प्रवाहित होने के कारण हो रहा है। मौसम विभाग ने पिछले दिनों प्रचंड गर्मी के कारण रेड अलर्ट जारी किया था। लेकिन, अब पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण उसका असर लगभग समाप्त हो गया है। मौसम में आए बदलाव के बाद अब मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। यह 31 मई से 2 जून तक रहेगा।

पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के साथ ही शुक्रवार को इसका असर प्रदेश के कई इलाकों में आंधी और बारिश के रूप में देखने को मिला था। अलवर जिले के टपूकड़ा में चक्रवाती तूफान, बारिश और ओलावृष्टि ने तबाही मचाई। बूबकाहेड़ा में मकान गिर गया। मलबे में दबने से 27 वर्षीय हिबजू खान की मौत हो गई।

यह है ओलावृष्टि का कारण: वर्तमान में उत्तरी-पश्चिमी राजस्थान और आसपास के सटे इलाकों में 1.5 किलोमीटर उपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। पूर्वी हवाओं के पश्चिमी विक्षोभ के साथ मिलने से अरब सागर से उच्च मात्रा में नमी आई है, इससे राजस्थान में चार-पांच दिन तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है।

राजधानी जयपुर में रात आठ बजे शहर में अचानक मौसम बदल गया। अंधड़ के बाद अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। भरतपुर जिले में शुक्रवार को दूसरे दिन भी अंधड़-बारिश से पहाड़ी क्षेत्र में एक टीनशेड के नीचे दबकर एक बालक की मौत हो गई। शहर में तेज बारिश आई। कैथवाड़ा में ओले गिरने से नुकसान हुआ। डीग के परिक्रमा मार्ग स्थित पूछरी लोठा में लगा आरओ प्लांट तेज अंधड़, बारिश और ओले गिरने से मकान धराशायी हो गया। पहाड़ी के गोपालगढ़ थाना क्षेत्र के गांव जोतकादर में दस वर्षीय बालक तौफीक पुत्र अहमद की अंधड़ से गिरे टीनशैड में दबने से मौत हो गई, जबकि छह जने घायल हो गए। बीकानेर अंचल में शुक्रवार देर शाम धूलभरी आंधी के बाद अचानक मौसम में बदलाव आया। आंधी के बाद बारिश शुरू हो गई। श्रीगंगानगर में शुक्रवार शाम हुई बरसात से कई इलाकों में पानी जमा हो गया। यह करीब आधे घंटे तक चली। नागौर में रात मौसम ने अचानक पलटा खाया। तेज धूल भरी आंधी चली। करीब आधे घंटे तक तेज धूल भरी आंधी चलने के बाद पौने दस बजे तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश ने मौसम में ठंडक घोल दी।

Share it
Top