Home » धर्म संस्कृति » पौष पूर्णिमा पर सितारों का रहेगा शुभ संयोग

पौष पूर्णिमा पर सितारों का रहेगा शुभ संयोग

👤 Veer Arjun | Updated on:6 Jan 2023 5:29 AM GMT
Share Post

ग्वालियर। षौष महीने की पूर्णिमा 6 जनवरी शुक्रवार को मनाई जाएगी। सूर्य के उत्तरायण होने के बाद यह पहली पूर्णिमा होगी। उत्तरायण के बाद इस पहली पूर्णिमा पर चंद्रमा अपनी समस्त कलाओं से अमृत की वर्षा करता है। इसके साथ ही इस दिन चंद्रमा को दिया गया अर्घ्य पितरों तक पहुंचता है, जिससे पितृ संतुष्ट होते हैं। पौष पूर्णिमा पर चंद्रमा अपनी ही राशि कर्क में रहता है। इसलिए इसका बल और बढ़ जाता है। निरोग रहने के लिए इस दिन औषधियों को चंद्रमा की रोशनी में रखकर खाने से बीमारियों में राहत मिलती है।

बालाजी धाम काली माता मंदिर के ज्योतिषाचार्य डॉं सतीश सोनी के अनुसार पौष महीने की पूर्णिमा पर पवित्र नदियों में स्नान के बाद सूर्य देव को अर्घ्य देने की परंपरा है। इसके साथ ही इस दिन जरूरतमंद लोगों को खाने की चीजें और ऊनी कपड़ों का दान करने से जाने अनजाने हुए पाप ताप खत्म होते हैं। इसलिए उत्तरायण के चलते इस दिन सूर्य देव को अर्घ्य देने से उम्र भी बढ़ती है। यदि किसी कारणवश इस दिन प्रयागराज, हरिद्वार और गंगा सागर में डुबकी नहीं लगा सकते तो घर पर ही पानी में गंगाजल की कुछ बूंदें डालकर नहाने से तीर्थ स्थान का पूर्ण फल मिलता है।

षौष पूर्णिमा पर सितारों का शुभ संयोग

डॉं सोनी ने बताया कि इस दिन चंद्रमा आर्द्रा नक्षत्र में होगा, जिससे पद्मनाम का शुभ योग पूरे दिन रहेगा। ब्रह्म योग और इंद्र नाम के शुभ योग इस दिन रहेंगे। सूर्य और बुध धनु राशि में होने से बुधादित्य योग और तिथि वार नक्षत्र से मिलकर सर्वार्थसिद्धियोग बनेगा। गुरु और शनि अपनी ही खुद की राशि में रहेंगे। सितारों की यह स्थिति सुख और समृद्धि देने वाली होगी। साथ ही इन शुभ संयोग में किए गए स्नान दान का कई गुना फल भी प्राप्त होगा। (हि.स.)

Share it
Top