Home » खेल खिलाड़ी » IPL 2024: लखनऊ सुपर जायंट्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 28 रन से हराया

IPL 2024: लखनऊ सुपर जायंट्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 28 रन से हराया

👤 mukesh | Updated on:2 April 2024 8:28 PM GMT

IPL 2024: लखनऊ सुपर जायंट्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु  को 28 रन से हराया

Share Post

नई दिल्ली (New Delhi)। इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League- IPL) 2024 के 15वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (Lucknow Super Giants- LSG) ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (Royal Challengers Bangalore- RCB) को 28 रन से हराते हुए इस सीजन में अपनी दूसरी जीत दर्ज की है। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में जीत के लिए मिले 182 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए RCB की टीम 153 रन पर ही सिमट गई। यह मौजूदा सीजन में RCB की तीसरी हार है।

LSG से क्विंटन डिकॉक ने अर्धशतक (81) लगाया। उनके अलावा निकोलस पूरन ने 21 गेंदों में 40* रन बनाते हुए टीम को 181/5 के स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में RCB ने पॉवरप्ले के बाद तक 48 रन बनाए और इस बीच विराट कोहली (22), फाफ डु प्लेसिस (9) और ग्लेन मैक्सवेल (0) के विकेट गंवाए। मुश्किल घड़ी में रजत पाटीदार (29) और महिपाल लोमरोर ने संघर्ष किया लेकिन LSG की दमदार गेंदबाजी के चलते RCB लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी।

डिकॉक ने पारी का पहला ओवर करने आए रीस टॉपली के खिलाफ 3 चौके लगाए। उन्होंने तीसरा ओवर करने आए मोहम्मद सिराज की भी पिटाई की और उस ओवर में लगातार 2 छक्के लगाए। उनकी आक्रामक पारी की बदौलत RCB ने पॉवरप्ले में 54/1 का स्कोर बनाया। उन्होंने 36 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 56 गेंदों पर 81 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 5 छक्के भी लगाए।

किसी एक मैदान पर 100 टी-20 मैच खेलने वाले पहले भारतीय बने कोहली

कोहली का यह चिन्नास्वामी स्टेडियम में 100वां टी-20 मैच रहा। वह किसी एक मैदान पर 100 टी-20 मैच खेलने वाले पहले भारतीय बने हैं। मैक्सवेल 16वीं बार IPL में शून्य पर आउट हुए हैं। वह लीग इतिहास में दूसरे सबसे ज्यादा बार बिना खाता खोले आउट होने वाले बल्लेबाज बने हैं। उनसे आगे सिर्फ दिनेश कार्तिक और रोहित शर्मा हैं, जो 17-17 बार शून्य पर आउट हुए हैं।

RCB के खिलाफ मयंक यादव ने अपनी गति का कहर बरपाया। उन्होंने मैक्सवेल को खाता भी नहीं खोलने दिया। इसके बाद उन्होंने कैमरून ग्रीन को बोल्ड करते हुए अपनी दूसरी सफलता हासिल की। उन्होंने अपने आखिरी ओवर में पाटीदार का विकेट लिया। इस 21 वर्षीय तेज गेंदबाज ने अपने 4 ओवर में सिर्फ 14 रन देते हुए 3 प्रमुख विकेट हासिल किए। उन्होंने 156.7 किमी/घंटा की रफ्तार से गेंद की, जो इस सीजन की सबसे तेज गेंद है।

RCB ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 14.2 ओवर में 103 के स्कोर पर जब अपना छठा विकेट खोया था, तब महिपाल लोमरोर क्रीज पर आए। उन्होंने 13 गेंदों में 3 चौकों और इतने ही छक्कों की बदौलत 33 रन की प्रभावशाली पारी खेली।

Share it
Top