Home » खेल खिलाड़ी » आईआईएसएफ वर्ल्ड कप के लिए मप्र के शूटर ऐश्वर्य प्रताप भारतीय टीम में चयनित

आईआईएसएफ वर्ल्ड कप के लिए मप्र के शूटर ऐश्वर्य प्रताप भारतीय टीम में चयनित

👤 mukesh | Updated on:28 Jan 2022 7:32 PM GMT

आईआईएसएफ वर्ल्ड कप के लिए मप्र के शूटर ऐश्वर्य प्रताप भारतीय टीम में चयनित

Share Post

- कायरो, इजिप्ट में व्यक्तिगत, टीम तथा मिक्स इवेंट में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व

भोपाल। माह फरवरी-मार्च, 2022 में आईएसएसएफ (इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन) वर्ल्ड कप का आयोजन कायरो, इजिप्ट में किया जाना है। इस प्रतियोगिता के लिए भारतीय शूटिंग टीम की 50 मीटर रायफल थ्री पोजिशन के लिए मप्र राज्य शूटिंग अकादमी के ओलम्पियन खिलाड़ी ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर का चयन किया गया है।

खेल विभाग द्वारा शुक्रवार को जानकारी दी गई है कि ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर वर्ल्ड कप की पुरूष व्यक्तिगत, टीम एवं मिक्स टीम इवेन्ट में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगें। उल्लेखनीय है कि एश्वर्य ने टोक्यो ओलम्पिक में प्रतिभागिता की थी और फायनल तक पहुंचे थे। प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने ऐश्वर्य के भारतीय टीम में चयन होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

ऐश्वर्य की उपलब्धियां

खरगौन जिले के झिरनिया तहसील के छोटे से गांव रतनपुर में 3 फरवरी 2001 को किसान परिवार में जन्मे ऐश्वर्य वर्ष 2015 से मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी में प्रशिक्षणरत है। हाल ही में सम्पन्न टोक्यो ओलम्पिक 2020 में एश्वर्य ने 50 मीटर रायफल थ्री पोजिशन में भारत को ओलम्पिक कोटा दिलाया और भारतीय शूटिंग टीम के साथ ओलम्पिक में भागीदारी भी की थी। ऐश्वर्य प्रताप ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अब तक 4 स्वर्ण, 2 रजत और 4 कांस्य सहित 10 पदक देश को दिलाएं हैं।

राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में ऐश्वर्य ने 21 स्वर्ण, 8 रजत और 9 कांस्य सहित 38 पदक अर्जित किए है। उन्होंने जूनियर वर्ल्ड कप में 50 मीटर रायफल थ्री पोजिशन में 459.3 अंक हासिल कर नया विश्व रिकार्ड बनाया और देश को स्वर्ण पदक दिलाया था। ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर शूटिंग अकादमी की मुख्य प्रशिक्षक सुमा शिरूर, सुनीता लाखन, वैभव शर्मा एवं अपराजिता सिंह के मार्गदर्शन में प्रशिक्षणरत हैं।

मप्र के तीन बॉक्सर एशियन चैम्पियनशिप के लिए भारतीय टीम में चयनित

वहीं, मप्र राज्य बॉक्सिंग अकादमी के तीन खिलाड़ियों का चयन एशियन यूथ और जूनियर एशियन चैम्पियनशिप के लिए हुआ है। यह चैम्पियनशिप 27 फरवरी से 15 मार्च, 2022 तक अम्मान, जॉर्डन में आयोजित की जायेगी।

खेल विभाग द्वारा शुक्रवार को जानकारी दी गई है कि एशियन यूथ और जूनियर एशियन चैम्पियनशिप मप्र राज्य अकादमी के बाक्सर अमन सिंह बिष्ट, 92 किलोग्राम भारवर्ग (यूथ), आनन्द यादव, 54 किलोग्राम भारवर्ग (यूथ) और रिषभ सिंह सिकरवार, 80 किलोग्राम भारवर्ग (जूनियर) का चयन किया गया है। उक्त खिलाड़ी बॉक्सिंग अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक रोशनलाल के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। (एजेंसी, हि.स.)

Share it
Top