Home » उत्तराखंड » उत्तराखंड राज्य निर्माण और विकास में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिकाः त्रिवेन्द्र रावत

उत्तराखंड राज्य निर्माण और विकास में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिकाः त्रिवेन्द्र रावत

👤 manish kumar | Updated on:30 Aug 2020 3:44 PM GMT

उत्तराखंड राज्य निर्माण और विकास में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिकाः त्रिवेन्द्र रावत

Share Post

देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने रविवार को यहां कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण से लेकर राज्य के विकास में महिलाओं की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वह 'उत्तराखंड के विकास में महिला शक्ति की भूमिका' विषय पर आयोजित वेबिनार में बोल रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में बड़ी संख्या में महिला स्वयं सहायता समूह बेहतरीन काम कर रहे हैं। राज्य में स्थापित किये गये ग्रोथ सेंटरों में महिलाएं बहुत अच्छा काम कर रही हैं। महिला शक्ति की भागीदारी के बिना राज्य की आर्थिकी में सुधार की कल्पना नहीं की जा सकती। राज्य सरकार, महिला कल्याण और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। कोरोना के दौरान आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, महिला चिकित्साकर्मियों और महिला पुलिस कर्मियों ने जो काम किया, उसकी जितनी सराहना की जाए कम है। महिला शक्ति के सहयोग से ही आत्मनिर्भर उत्तराखंड सम्भव है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक क्षेत्र में तकनीकी के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। ई-ऑफिस, ई-कैबिनेट, सीएम डैशबोर्ड, सीएम हेल्पलाइन सुशासन की दिशा में बड़ा कदम है। स्कूलों में वर्चुअल क्लासेज प्रारंभ की गई हैं। टेलीमेडिसीन, टेलीरेडियोलाजी बहुत उपयोगी सिद्ध हो रही है। हर गांव को इंटरनेट से जोड़ने पर काम चल रहा है। पिछले तीन वर्ष में उत्तराखंड फिल्म शूटिंग के केन्द्र के रूप मे उभर कर सामने आया है। राज्य को बेस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट का अवार्ड मिला है।

वेबिनार में माता मंगला जी, विधायक रितु खण्डूड़ी, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव सौजन्या, पेटीएम की सीनियर वाइस प्रेसीडेंट रेणु सती, लेखिका अद्वैता काला और क्रिकेटर एकता बिष्ट सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं ने प्रतिभाग किया।

Share it
Top